रांची। जमीन के धंधे में धमकी देते हुए रंगदारी वसूलने वाले अपराधी संदीप थापा सहित दो अपराधी गिरफ्तार किए गए हैं। सुखदेवनगर थाना की पुलिस ने 30 कांडों में आरोपित संदीप थापा और नौ कांडों में शामिल आदित्य सिंह उर्फ बिट्टू को गिरफ्तार किया है। इनके पास से पुलिस ने दो रायफल, 23 जिंदा गोलियां, कार समेत कई अन्य सामान बरामद की है।

डीआईजी सह एसएसपी चंदन सिन्हा ने गुरुवार को बताया कि 11 जून को गुप्त सूचना मिली थी कि कुख्यात अपराधकर्मी संदीप प्रधान उर्फ सदीप थापा ने बाहर से कई रायफलें मंगवाई हैं। वह रांची जिले के कई व्यक्तियो को औने पौने दाम में जमीन देने के लिए धमकी रहा है। वह जमीन के धंधे में धमकी देते हुए रगदारी वसूलने का काम करवा रहा है। संदीप थापा हत्या, रंगदारी, हत्या का प्रयास, डकैती जैसे लगभग 30 कांडों में आरोपित है। अपराधकर्मी बिट्टू सिंह उर्फ आदित्य सिंह कुल नौ कांडों में आरोपित है। दोनों एक साथ भी कई कांडो में आरोपित है। संदीप थापा पूर्व में भी भू माफिया के रूप में चिन्हित है।

इस खबर के बाद एसएसपी ने कोतवाली डीएसपी के नेतृत्व में एक टीम का गठन किया। टीम ने संदीप थापा के रातू स्थित घर में छापा मारा। उसे वहां से गिरफ्तार किया, छापेमारी के क्रम में संदीप थापा के घर से दो रायफल और 23 चक्र जिंदा गोली, एक काले रंग की मर्सिडिज बेंज कार बरामद किया है।

संदीप थापा के घर से जमीन खरीद बिक्री से संबंधित तीन एकरारनामे भी बरामद किए गए। संदीप थापा के निशानदेही पर अपराधकर्मी आदित्य सिंह उर्फ बिट्टू के घर पर छापामारी की गयी। वहां से अलग-अलग दो पैन कार्ड, एक ही व्यक्ति के तीन मतदाता पहचान पत्र, बैंक ऑफ इंडिया का अकाउंट सहित अन्य सामान बरामद हुआ।

Share.
Leave A Reply

Exit mobile version