रांची। रांची के कटहल मोड़ में ड्यूटी के दौरान होमगार्ड जवान पर जानलेवा हमला करने वाले दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है। गिरफ्तारी के बाद दोनों आरोपियों को पुलिस ने सड़क पर परेड भी करायी। ड्यूटी के दौरान जाम लगाने से मना करने पर होमगार्ड जवान पर जानलेवा हमला करने वाले दोनों आरोपियों हंस यादव उर्फ पुत्ती और मुन्ना यादव उर्फ अखिलेश यादव को रांची पुलिस ने गिरफ्तार किया। पुलिस पर हुए हमले को लेकर काफी आक्रोश था। मामले को डीआईजी सह एसएसपी रांची चंदन कुमार सिन्हा ने काफी गंभीरता से लिया था।

गौरतलब हो कि 09 जून को रांची के दलादली ओपी क्षेत्र के कटहल मोड़ में ट्रैफिक जवानों को उस वक्त निशाना बनाया गया था, जब वे अपनी ड्यूटी का निर्वहन कर रहे थे और आॅटो को सड़क से हटाने का निर्देश दे रहे थे। इसी दरम्यान ट्रैफिक जवानों से आॅटो चालक उलझ गए। जिसके बाद ट्रैफिक जवान उसे पकड़ कर ट्रैफिक पोस्ट पर ले जाने लगे।

इस क्रम में हंस यादव उर्फ पुत्ती और मुन्ना यादव उर्फ अखिलेश यादव ने ट्रैफिक जवानों पर हमला कर दिया। होमगार्ड जवान रोहित गंझू पर पत्थर से हमला कर बुरी तरह घायल कर दिया। घटना के बाद दोनों आरोपी फरार हो गए थे. पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी थी। आखिरकार आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। दोनों आरोपियों ने जिस इलाके में पुलिस पर हमला किया था उसी इलाके में सड़क पर उनकी परेड करायी गई।

Share.
Leave A Reply

Exit mobile version