
वडोदरा । प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने मंगलवार को कहा कि भारत लोगों और सामान की आवाजाही को तेज करने, नए आर्थिक अवसर पैदा करने और विकास को गति देने के लिए अपने बुनियादी ढांचे को तेजी से मजबूत कर रहा है जबकि विपक्ष सरकार के बारे में देश में झूठ फैलाने में लगा है।मोदी ने किसी का नाम लिये बिना कहा कि ‘झूठ की गूंज को सच के सामने हार मिलेगी’। वह विभिन्न क्षेत्रों में विकास की 35,000 करोड़ रुपये से अधिक की विकास परियोजनाओं के उद्घाटन, लोकार्पण और शिलान्यास के बाद एक सभा को संबोधित कर रहे थे। वडोदरा का यह कार्यक्रम प्रधानमंत्री के लिए विपक्ष पर तीखा राजनीतिक हमला करने का मंच भी बन गया। श्री मोदी ने उन लोगों पर निशाना साधा, जो उनके अनुसार देश की प्रगति को स्वीकार नहीं कर पा रहे हैं। उन्होंने फिर से ‘नाराज़ फूफा’ वाली टिप्पणी दोहराई और कहा कि कुछ लोग देश की उपलब्धियों के बावजूद लगातार असंतुष्ट रहते हैं।मोदी की ये टिप्पणियां खास तौर पर उन प्रयासों के खिलाफ थीं, जिनमें भारत की आर्थिक वृद्धि की रफ्तार और वास्तविकता को कमतर दिखाने की कोशिशें की गई हैं। प्रधानमंत्री ने कहा कि युवा पीढ़ी बार-बार किए जाने वाले उन दावों से गुमराह नहीं होगी, जिनमें देश की प्रगति को महज दिखावा बताया जाता है। उन्होंने कहा, ‘भारत इस समय चिप (माइक्रो चिप) से लेकर शिप (समुद्री पोत) तक , विनिर्माण की एक नयी गाथा लिख रहा है।’




