
वाशिंगटन। अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने मंगलवारको कहा कि उन्होंने 175 बिलियन डॉलर के गोल्डन डोम मिसाइल रक्षा कवच के लिए एक डिजाइन का चयन किया है और चीन और रूस से खतरों को रोकने के उद्देश्य से महत्वाकांक्षी रक्षा कार्यक्रम के निर्माण के प्रयास का नेतृत्व करने के लिए एक अंतरिक्ष बल जनरल की नियुक्ति की है।
ट्रंप ने व्हाइट हाउस में आयोजित एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में घोषणा की कि अमेरिकी अंतरिक्ष बल के जनरल माइकल गुएटलीन इस परियोजना के प्रमुख कार्यक्रम प्रबंधक होंगे। राष्ट्रपति ने कहा कि यह परियोजना 175 बिलियन डॉलर की होगी। इस प्रयास को व्यापक रूप से श्री ट्रम्प की सैन्य योजना का आधार माना जा रहा है। एलन मस्क की स्पेसएक्स कंपनी ट्रम्प की गोल्डन डोम मिसाइल शील्ड बनाने की दौड़ में सबसे आगे है। ट्रंप ने ओवल आॅफिस से कहा कि गोल्डन डोम हमारी मातृभूमि की रक्षा करेगा और उन्होंने कहा कि कनाडा ने कहा है कि वह इसका हिस्सा बनना चाहता है। जनवरी में ट्रंप द्वारा पहली बार आदेशित गोल्डन डोम का उद्देश्य उपग्रहों का एक नेटवर्क बनाना है, जो आने वाली मिसाइलों का पता लगाएगा, उन्हें ट्रैक करेगा और संभावित रूप से उन्हें रोक देगा। यह शील्ड मिसाइल का पता लगाने और उन पर नजर रखने के लिए सैकड़ों उपग्रहों को तैनात कर सकती है। 175 बिलियन डॉलर की लागत से बनने वाले इस कार्यक्रम को लागू करने में कई वर्ष लगेंगे, क्योंकि इस विवादास्पद कार्यक्रम को राजनीतिक जांच और वित्त पोषण की अनिश्चितता का सामना करना पड़ेगा। डेमोक्रेटिक सांसदों ने खरीद प्रक्रिया और ट्रम्प के सहयोगी एलन मस्क की स्पेसएक्स की भागीदारी के बारे में चिंता व्यक्त की है, जो कि इस प्रणाली के प्रमुख घटकों के निर्माण के लिए पैलंटिर और एन्दुरिल के साथ अग्रणी बनकर उभरी है।
गोल्डन डोम का विचार इजरायल के भूमि-आधारित आयरन डोम रक्षा कवच से प्रेरित था जो उसे मिसाइलों और रॉकेटों से बचाता है। श्री ट्रम्प का गोल्डन डोम बहुत अधिक व्यापक है और इसमें निगरानी उपग्रहों की एक विशाल श्रृंखला और हमलावर उपग्रहों का एक अलग बेड़ा शामिल है जो उड़ान भरने के तुरंत बाद आक्रामक मिसाइलों को मार गिराएगा।
मंगलवार की घोषणा से पेंटागन के उन मिसाइलों, प्रणालियों, सेंसरों और उपग्रहों का परीक्षण करने और अंतत: उन्हें खरीदने के प्रयास की शुरूआत हो गई है, जिनसे गोल्डन डोम का निर्माण होगा।
