मालदा । प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने शनिवार को तृणमूल कांग्रेस पर पश्चिम बंगाल को लूटने का आरोप लगाते हुए कहा कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की सरकार बनने के बाद ही राज्य में ‘रुके हुए’ विकास कार्य फिर शुरू हो सकते हैं। मोदी ने एक जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि बंगाल के चारों ओर ‘सुशासन’ की सरकार है। उन्होंने कहा कि ओडिशा, त्रिपुरा, असम और बिहार में भी भाजपा सरकार है। अब बंगाल में भाजपा सरकार आनी चाहिए। प्रधानमंत्री ने हावड़ा-गुवाहाटी के बीच चलने वाली देश की पहली वंदे भारत स्लीपर ट्रेन को हरी झंडी दिखाने के बाद एक जनसभा में कहा, “ पश्चिम बंगाल का तेज़ विकास भारतीय जनता पार्टी की प्राथमिकता है। यह खुशी की बात है कि देश की पहली वंदे भारत स्लीपर ट्रेन जहां से शुरू हो रही है, वह बंगाल है।” उन्होंने कहा कि अब बंगाल में सुशासन की बारी है। श्री मोदी ने जनसभा में ‘पालटा नो दोरकार, बीजेपी सरकार’ के नारे भी लगवाये।

श्री मोदी ने कहा, “ मैं बंगाल के विकास के लिये काम कर रहा हूं। मैं चाहता हूं कि सरकार की जो योजनाएं हैं, वे उसके सही हकदारों को मिलें, लेकिन ऐसा नहीं हो रहा। बंगाल की तृणमूल सरकार बहुत निर्दयी है। केंद्र सरकार बंगाल के विकास के लिये जो पैसे भेजती है, उसे तृणमूल के लोग लूट लेते हैं। उन्हें जनता की तकलीफ़ की कोई चिंता नहीं। वे अपनी तिजोरियां भरने में जुटे हुए हैं।”

उन्होंने कहा कि तृणमूल कांग्रेस के लोग पश्चिम बंगाल को लूट रहे हैं और बंगाल का विकास रोक रहे हैं। उन्होंने कहा, “ मैं चाहता हूं कि यहां आयुष्मान भारत योजना लागू हो, लेकिन बंगाल देश का एकमात्र ऐसा राज्य है, जहां यह योजना लागू नहीं। बीते कुछ सालों में देश के करोड़ों गरीबों ने अपना मुफ्त इलाज करवाया है। लेकिन तृणमूल वाले बंगाल में मेरे किसी भी भाई-बहन को आयुष्मान भारत का लाभ नहीं लेने देते। ऐसी निर्मम सरकार की बंगाल से विदाई ज़रूरी है।”

श्री मोदी ने कहा, “ केंद्र की भाजपा सरकार केंद्र में पीएम सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना चला रही है। लाखों परिवारों ने इस योजना की मदद से अपने घरों में सोलर प्लांट लगाये हैं। मैं चाहता हूं कि बंगाल के लोगों को भी इस योजना का लाभ मिले और आपके घर का बिजली बिल भी शून्य हो जाये। लेकिन तृणमूल सरकार ऐसी योजनाओं को आगे नहीं बढ़ने देती।”

उन्होंने कहा कि बंगाल के लोगों का तभी भला होगा, जब यहां विकास रोकने वाली तृणमूल सरकार नहीं, बल्कि उन्नयन वाली भाजपा सरकार होगी। उन्होंने कहा, “ यहां न फैक्ट्रियां लगती हैं, न किसानों को सुविधा मिल रही है। मालदा-मुर्शिदाबाद से किसानों को रोज़ी-रोटी के लिये पलायन करना पड़ता है। रेशम किसानों की सुध लेने वाला कोई नहीं। आम किसान बेहाल हैं।” उन्होंने राज्य में बाढ़ प्रभावित इलाकों का हवाला देते हुए कहा कि बंगाल में भाजपा सरकार बनने पर यहां गंगा, महानंदा और फुलहर नदी पर बाढ़ से सुरक्षा के लिये पुख्ता इंतज़ाम किये जायेंगे।

Share.
Leave A Reply

Exit mobile version