पटना। 15 जुलाई तक पटना मेट्रो का ट्रायल रन कराने की तैयारी है। सबसे पहले मलाही पकड़ी से न्यू आईएसबीटी तक प्रायोरिटी कॉरिडोर में मेट्रो रेल का परिचालन होना है, जिसके उद्घाटन के लिए 15 अगस्त की तारीख तय की गई है। नगर विकास एवं आवास मंत्री जिवेश कुमार ने मेट्रो अधिकारियों को इस डेडलाइन को ध्यान में रखते हुए ससमय काम पूरा करने का टास्क दिया है। जिवेश कुमार ने शनिवार को मेट्रो के प्रायोरिटी कॉरिडोर के अंतर्गत डिपो स्थल और आईएसबीटी मेट्रो स्टेशन का निरीक्षण किया। निरीक्षण के बाद मंत्री को बताया कि मेट्रो डिपो का काम अंतिम चरण में है।

मेट्रो ट्रेन की सफाई-मेंटनेंस आदि के लिए आठ लेन में ट्रैक बिछाया गया है। बिजली व अन्य तकनीकी काम किए जा रहे हैं। अगले 15 दिनों में डिपो पूरी तरह तैयार हो जाएगा। मेट्रो स्टेशन और पटरी बिछाने का काम भी तेजी से जारी है। मंत्री ने मेट्रो अधिकारियों को निर्देश दिया कि प्रायोरिटी कॉरिडोर के स्टेशनों को 30 जून तक पूरा कर लिया जाए। इसके साथ ही पटरी बिछाने और अन्य तकनीकी काम भी जून के अंत तक पूर्ण कर लिया जाए।

उन्होंने कहा कि अधिकारियों को बचे हुए काम जून तक पूरा करने को कहा गया है, ताकि 15 अगस्त तक हर हाल में प्रायोरिटी कॉरिडोर में मेट्रो का परिचालन शुरू कर दिया जाए। इसके पहले 15 जुलाई तक मेट्रो का ट्रायल रन कराने का लक्ष्य रखा गया है। उन्होंने कहा कि पटना मेट्रो परियोजना केवल एक निर्माण कार्य नहीं है, यह पटना की जनता का सपना है। हम पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रहे हैं। मैं पटना के नागरिकों को आश्वस्त करना चाहता हूं कि यह मेट्रो सेवा आपके जीवन को सुगम और सुलभ बनाएगी।
निरीक्षण के दौरान विभाग की अपर सचिव वर्षा सिंह के साथ-साथ पटना मेट्रो रेल कॉरपोरेशन लिमिटेड और दिल्ली मेट्रो रेल कॉरपोरेशन के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।

Share.
Leave A Reply

Exit mobile version