
नालंदा। बिहार के नालंदा जिले के प्रसिद्ध पर्यटन स्थल राजगीर में शुक्रवार की रात एक 32 वर्षीय पर्यटक की अज्ञात बदमाशों ने गोली मारकर हत्या कर दी। यह घटना बानगंगा पुल के पास हुई, जहां पुलिस को घटनास्थल से पांच गोलियों के खोखे भी बरामद हुए हैं। मृतक की पहचान भोजपुर जिले के मंजीत कुमार के रूप में हुई है।
घटना के बाद पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और मामले की गहन जांच शुरू कर दी है। हालांकि, हत्या के कारण अभी तक स्पष्ट नहीं हो पाए हैं। राजगीर थाना प्रभारी रमन कुमार ने बताया कि युवक चार दोस्तों के साथ घूमने आया था, लेकिन इस बीच यह हादसा हो गया।
इस घटना ने राजगीर जैसे लोकप्रिय पर्यटन स्थल पर सुरक्षा की चिंता बढ़ा दी है। स्थानीय लोग अब सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठा रहे हैं, खासकर पर्यटन स्थलों पर। पुलिस हत्यारों की तलाश में है और मामले की जांच में जुटी है।
