
रांची। पलामू पुलिस को बड़ी कामयाबी मिली। जिले के हुसैनाबाद थाना क्षेत्र में मंगलवार को पुलिस और नक्सलियों के बीच मुठभेड़ हुई, जिसमें नक्सली कमांडर तुलसी भूइंया मारा गया। मौके से पुलिस ने एक एसएलआर राइफल भी बरामद किया। घटना के बाद पलामू एसपी समेत सीआरएफ जवान घटनास्थल पहुंचे।



जानकारी के मुताबिक, पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि 15 लाख के इनामी माओवादी नितेश यादव का दस्ता इलाके में किसी बड़ी घटना को अंजाम देने की योजना बना रहा है। इस इनपुट के आधार पर पुलिस ने इलाके में व्यापक सर्च आॅपरेशन शुरू किया। सर्चिंग के दौरान जैसे ही पुलिस की टीम नक्सलियों के करीब पहुंची, नक्सलियों ने फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने भी मोर्चा संभाला और मुठभेड़ में वांछित माओवादी कमांडर तुलसी भूइंया को मार गिराया।
पलामू एसपी रीष्मा रमेशन ने बताया कि इलाके में सर्च अभियान जारी है। सर्च अभियान के बात विस्तृत जानकारी निकल कर सामने आएगी। जिस इलाके में मुठभेड़ हुई है, उस इलाके को माओवादी दस्ता अपना सुरक्षित ठिकाना मानते हैं। पूरा इलाका पहाड़ियों से घिरा हुआ है।

