
हजारीबाग। हजारीबाग पुलिस को मादक पदार्थ तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान में दो अलग-अलग मामलों में बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने कुल तीन तस्करों को गिरफ्तार कर उनके पास से 360 ग्राम अफीम और 40 ग्राम ब्राउन शुगर बरामद किया है। पुलिस अधीक्षक अंजनी अंजन को गुप्त सूचना मिली थी कि कटकमदाग की ओर से एक काले रंग की क्रेटा कार में कुछ लोग ब्राउन शुगर लेकर शहर की ओर आ रहे हैं।
सूचना के आधार पर अपर पुलिस अधीक्षक (मुख्यालय) अमित कुमार के नेतृत्व में टीम गठित कर पेलावाल ओपी के पास वाहन चेकिंग अभियान चलाया गया। जांच के दौरान एक संदिग्ध क्रेटा कार को रोकने का प्रयास किया गया, लेकिन उसमें सवार दो व्यक्ति भागने लगे। पुलिस बल ने तत्परता दिखाते हुए दोनों को पकड़ लिया।
पूछताछ में उनकी पहचान सचिन कुमार उर्फ संजू कुमार लोहगाड़ा, टंडवा चतरा) और अभिषेक कुमार उर्फ मुन्ना कुमार, बीजो, थाना मोहु़ड्डी, जिला गया, बिहार के रूप में हुई। तलाशी के दौरान उनके पास से 40 ग्राम ब्राउन शुगर और क्रेटा कार बरामद की गई है। दोनों के खिलाफ पेलावाल ओपी में एनडीपीएस एक्ट की धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है।
वहीं दूसरा मामला चौपारण थाना क्षेत्र से पुलिस अधीक्षक को सूचना मिली थी कि चौपारण की ओर से एक व्यक्ति अफीम की तस्करी करते हुए बरही की तरफ जा रहा है। सूचना पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, बरही अजीत कुमार बिनोद के नेतृत्व में टीम गठित कर रसोइया धमना के पास वाहन चेकिंग की गई। और जांच के दौरान एक व्यक्ति को रोककर तलाशी ली गई, जिसमें उसके पास 360 ग्राम अफीम बरामद हुआ। गिरफ्तार व्यक्ति की पहचान राजकुमार सिंह पाण्डेयबारा, थाना चौपारण, जिला हजारीबाग के रूप में की गई है। उसके खिलाफ चौपारण थाना में एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया। पुलिस ने तीनों आरोपितों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
