
चाईबासा। झारखंड के पश्चिमी सिंहभूम जिले में जमीन विवाद को लेकर एक ही परिवार के तीन सदस्यों की हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया है। मृतकों में पति-पत्नी और उनका 12 वर्षीय बेटा शामिल है। हत्या के बाद तीनों के शवों को घर के आंगन में दफना दिया गया था। घटना का खुलासा वारदात के करीब सात दिन बाद हुआ। पुलिस ने मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार कर उनकी निशानदेही पर तीनों शव बरामद किए हैं।
घटना टोंटो थाना क्षेत्र के केंजरा टोला तारोबबुरू गांव की है। पुलिस के मुताबिक, 21 अगस्त को राजिन दोरायबुरू (40), उनकी पत्नी जानो दोरायबुरू (38) और उनके 12 वर्षीय बेटे काण्डे दोरायबुरू की हत्या की गई थी। आरोप है कि जमीन विवाद के चलते धारदार हथियार से वारदात को अंजाम देने के बाद शवों को घर के आंगन में छिपा दिया गया।
मामले की जानकारी पुलिस को सात दिन बाद मिली। रगमिया दोरायबुरू ने थाने में शिकायत दर्ज कराते हुए परिवार के तीन सदस्यों की हत्या कर शव छिपाए जाने की जानकारी दी। इसके बाद पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर जगन्नाथपुर एसडीपीओ के नेतृत्व में विशेष छापेमारी दल का गठन किया गया।
पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए केंजरा टोला तारोबबुरू से बोंज दोरायबुरू (19) और मुचिया दोरायबुरू (20) को गिरफ्तार किया। पूछताछ में दोनों ने घटना में अपनी संलिप्तता स्वीकार की। उनकी निशानदेही पर गुरुवार को घर के आंगन की खुदाई कर तीनों शव बरामद किए गए।
जगन्नाथपुर एसडीपीओ रफाएल मुर्मू ने शुक्रवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि घटनास्थल से वारदात में इस्तेमाल की गई खून लगी कुल्हाड़ी भी बरामद हुई है। प्रारंभिक जांच में जमीन विवाद को हत्या की मुख्य वजह माना जा रहा है। हालांकि, जांच के दौरान सामने आए अन्य पहलुओं को भी पुलिस खंगाल रही है।
पुलिस ने तीनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ जारी है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि हत्या में कोई अन्य व्यक्ति भी शामिल था या नहीं और वारदात के पीछे वास्तविक कारण क्या था।
