रांची। चर्चित बिल्डर कमल भूषण हत्याकांड में अदालत ने राहुल कुजूर, डब्लू कुजूर, काविस अदनान को दोषी पाया। सजा के बिंदु पर 22 को सुनवाई होगी। मामले में सुशीला कुजूर को साक्ष्य के अभाव में बरी कर दिया गया है। मामला शहर का काफी चर्चित रहा है। रातू रोड में जमीन कारोबारी कमल भूषण हत्याकांड में पुलिस ने दिल्ली में छापेमारी की थी। मामले में कमल भूषण के दामाद राहुल कुजूर, समधी डब्लू कुजूर समेत अन्य आरोपित थे।

30 मई को मारी थी गोली : घटना 30 मई 2022 की है, जब रातू रोड पर कारोबारी कमल भूषण की सरेआम गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। घटना के समय बड़ी संख्या में लोग मौजूद थे, लेकिन अपराधी हथियार लहराते हुए मौके से फरार हो गए थे। जांच में सामने आया कि इस हत्या की साजिश का मास्टरमाइंड राहुल कुजूर था। दरअसल, कमल भूषण की बेटी यामिनी और राहुल कुजूर ने प्रेम विवाह कर लिया था, जिससे कमल भूषण नाराज थे।

घटना के बाद आरोपी कोलकाता और दिल्ली भाग निकले थे। लेकिन दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने उन्हें गिरफ्तार कर झारखंड पुलिस को सौंप दिया था। सुखदेवनगर थाना में कांड संख्या 238/2022 दर्ज कर सभी को जेल भेजा गया था। पूरे मामले की जांच में रांची पुलिस ने सराहनीय भूमिका निभाई। कोतवाली डीएसपी प्रकाश सोय के नेतृत्व में पुलिस टीम ने मजबूत साक्ष्य जुटाए और केस को अंजाम तक पहुंचाया।

Share.
Leave A Reply

Exit mobile version