नयी दिल्ली। सरकार ने देश में तीन समर्पित केमिकल पार्क स्थापित करने के लिए ‘भारत औद्योगिक विकास योजना रसायन (भव्य रसायन)’ को मंजूरी दे दी है। केंद्रीय सूचना प्रसारण मंत्री अश्वनी वैष्णव ने शुक्रवार को संवाददाता सम्मेलन में बताया की प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता में केंद्रीय मंत्रिमंडल ने देश में तीन समर्पित केमिकल पार्क स्थापित करने के लिए भारत औद्योगिक विकास योजना रसायन (भव्य रसायन)’ को मंजूरी दे दी है। वित्त वर्ष 2026-27 के केंद्रीय बजट में घोषित इस योजना पर कुल 3,030 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। योजना की अवधि वित्त वर्ष 2026-27 से 2030-31 तक पांच वर्ष की होगी। उन्होंने कहा कि योजना के तहत 3,000 करोड़ रुपये केमिकल पार्कों में साझा आधारभूत ढांचे और बुनियादी सुविधाओं के विकास पर तथा 30 करोड़ रुपये प्रशासनिक व्यय पर खर्च किए जाएंगे। केंद्र सरकार प्रत्येक केमिकल पार्क के लिए अधिकतम 1,000 करोड़ रुपये की सहायता देगी, जबकि संबंधित राज्य सरकार को कम से कम 500 करोड़ रुपये का योगदान करना होगा। राज्यों का चयन चैलेंज रूट के माध्यम से किया जाएगा और प्रत्येक पार्क के लिए न्यूनतम 2,000 एकड़ (लगभग आठ वर्ग किलोमीटर) बाधामुक्त भूमि उपलब्ध करानी होगी। योजना के तहत विकसित होने वाले केमिकल पार्कों में सामूहिक अपशिष्ट जल शोधन संयंत्र (सीईटीपी) , उपचार, भंडारण एवं निस्तारण सुविधा (टीएसडीएफ), जल आपूर्ति एवं वितरण प्रणाली, सॉल्वेंट रिकवरी एवं डिस्टिलेशन सुविधाएं, स्टीम नेटवर्क, इंटरकनेक्टेड पाइपलाइन, लॉजिस्टिक्स एवं वेयरहाउसिंग जैसी प्लग-एंड-प्ले सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। इससे पर्यावरणीय मानकों का बेहतर अनुपालन सुनिश्चित होगा और रसायन उद्योग का टिकाऊ एवं पर्यावरण-अनुकूल विकास संभव होगा। सरकार का मानना है कि रसायन और पेट्रोकेमिकल क्षेत्र कृषि, वस्त्र, औषधि, न्यूट्रास्यूटिकल, निर्माण, आॅटोमोबाइल और इलेक्ट्रॉनिक्स जैसे अनेक क्षेत्रों की आधारशिला है। ऐसे में यह योजना घरेलू और विदेशी निवेश आकर्षित करने, उत्पादन क्षमता बढ़ाने, बड़े पैमाने पर रोजगार सृजित करने तथा ‘विकसित भारत 2047’ और आत्मनिर्भर भारत के लक्ष्य को गति देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।

Share.
Leave A Reply

Exit mobile version