
इस्लामाबाद। पाकिस्तान के सेना प्रमुख जनरल असीम मुनीर ने मंगलवार को पाकिस्तान को एक कठोर राज्य में बदलने की आवश्यकता पर जोर देते हुए कहा कि उग्रवाद के खिलाफ संघर्ष देश के अस्तित्व के लिए एक लड़ाई है। जनरल मुनीर ने यह टिप्पणी राष्ट्रीय सुरक्षा पर संसदीय समिति की एक उच्च स्तरीय बैठक में की, जो बलूच आतंकवादियों द्वारा एक यात्री ट्रेन को अपहरण करने के कुछ दिनों बाद बुलाई गई थी, जिसके परिणामस्वरूप 25 यात्रियों की मौत हो गई थी।
नेशनल असेंबली के अध्यक्ष अयाज सादिक ने बंद कमरे में हुई इस बैठक की अध्यक्षता की, जिसे उन्होंने देश की सुरक्षा स्थिति की समीक्षा करने के लिए प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ की सलाह पर बुलाया था। बैठक में देश के शीर्ष नागरिक और सैन्य नेतृत्व ने उग्रवाद और आतंकवाद का पूरी ताकत से मुकाबला करने के लिए एक एकीकृत राजनीतिक प्रतिबद्धता पर जोर दिया। जनरल मुनीर ने कहा कि उग्रवाद के खिलाफ संघर्ष हमारे और हमारी भावी पीढ़ियों के अस्तित्व के लिए एक लड़ाई है। उन्होंने बेहतर शासन और पाकिस्तान को एक “कठोर राज्य बनाने का आह्वान किया और पूछा कि हम कब तक एक नरम राज्य की शैली में अनगिनत लोगों की जान कुर्बान करते रहेंगे? जनरल मुनीर ने कहा कि सतत विकास के लिए राष्ट्रीय शक्ति के सभी तत्वों को सामंजस्य के साथ काम करना होगा। उन्होंने यह भी पूछा कि हम कब तक पाकिस्तान के सशस्त्र बलों और शहीदों के खून से शासन की खामियों को भरते रहेंगे? शांति के महत्व पर प्रकाश डालते हुए उन्होंने कहा कि देश की सुरक्षा से ज्यादा महत्वपूर्ण कुछ नहीं है क्योंकि इसके सभी नागरिकों का अस्तित्व पाकिस्तान पर निर्भर है। उन्होंने कहा कि अगर यह देश है, तो हम भी हैं।
उन्होंने यह भी कहा कि जो लोग मानते हैं कि वे आतंकवाद के माध्यम से पाकिस्तान को कमजोर कर सकते हैं, उन्हें पता होना चाहिए कि “हम एकजुट होंगे और न केवल उन्हें बल्कि उनके सभी मददगारों को भी हराएंगे। बैठक में प्रधानमंत्री शरीफ, प्रमुख मंत्री, विभिन्न राजनीतिक दलों के नेता, प्रांतीय मुख्यमंत्री और राज्यपाल शामिल हुए।
विपक्षी पाकिस्तान तहरीक-ए-इंसाफ (पीटीआई) ने सरकार द्वारा आमंत्रित किए जाने के बावजूद इसमें शामिल होने से इनकार कर दिया, क्योंकि उसने बैठक से पहले अपने जेल में बंद संस्थापक इमरान खान से मिलने की मांग की थी, जिसे स्वीकार नहीं किया गया। बाद में, इसने यह भी मांग की कि खान को बैठक में शामिल होने के लिए आमंत्रित किया जाना चाहिए था। छह घंटे से अधिक लंबी बैठक के दौरान, सैन्य नेतृत्व ने संसदीय समिति को मौजूदा सुरक्षा स्थिति के बारे में जानकारी दी। रेडियो पाकिस्तान के अनुसार, प्रधानमंत्री शरीफ ने समिति द्वारा सर्वसम्मति से अपनाई गई घोषणा को पढ़ा।
इसमें कहा गया है कि समिति के सदस्यों ने हाल ही में हुए आतंकी हमलों की कड़े शब्दों में निंदा की, पीड़ितों के परिवारों के साथ एकजुटता व्यक्त की और आतंकवाद के सभी रूपों और अभिव्यक्तियों को खत्म करने के लिए देश के अटूट संकल्प को दोहराया। इसने आतंकवाद विरोधी अभियानों के संचालन में सुरक्षा बलों और कानून प्रवर्तन एजेंसियों की वीरता और व्यावसायिकता की भी सराहना की।
समिति ने आतंकवाद को खत्म करने के लिए राष्ट्रीय आम सहमति की आवश्यकता पर जोर दिया, इस खतरे का सामना करने के लिए राज्य की पूरी ताकत के साथ रणनीतिक और एकीकृत राजनीतिक प्रतिबद्धता पर जोर दिया। समिति के सदस्यों ने आतंकवादी नेटवर्क को खत्म करने, रसद सहायता का मुकाबला करने और आतंकवाद और अपराध के बीच गठजोड़ को खत्म करने के लिए राष्ट्रीय कार्य योजना और आॅपरेशन अज्म-ए-इस्तेहकाम (आतंकवाद विरोधी पहल) के तत्काल कार्यान्वयन की आवश्यकता पर जोर दिया।
