पटना। केंद्रीय बजट में प्रस्तावित सात हाई स्पीड रेल कारिडोर में वाराणसी-सिलीगुड़ी हाई स्पीड रेल कॉरिडोर बिहार के लिए आर्थिक, सामाजिक और बुनियादी ढांचागत विकास का बड़ा माध्यम बन सकेगा। यह कॉरिडोर उत्तर प्रदेश को पश्चिम बंगाल से जोड़ते हुए बिहार के 14 जिलों से होकर गुजरेगा, जिससे राज्य को बहुआयामी लाभ मिलने की उम्मीद है। इसके निर्माण से यात्रा समय में कमी आएगी। वर्तमान में वाराणसी से सिलीगुड़ी की यात्रा में 14 से 18 घंटे तक का समय लगता है, जबकि हाई स्पीड रेल के माध्यम से यह दूरी कुछ ही घंटों में तय की जा सकेगी। इससे बिहार के लोगों को तेज, सुरक्षित और सुविधाजनक यात्रा का विकल्प मिलेगा। कॉरिडोर का सबसे बड़ा लाभ उत्तर बिहार और सीमांचल क्षेत्र को होगा।

पटना, समस्तीपुर, दरभंगा, मधुबनी, सुपौल, अररिया और किशनगंज जैसे जिले देश के प्रमुख शहरों से हाई स्पीड नेटवर्क से जुड़ेंगे। इससे इन क्षेत्रों में औद्योगिक निवेश, पर्यटन और व्यापार को नई गति मिलेगी। खासकर मिथिलांचल और कोसी क्षेत्र, जो अब तक विकास की मुख्यधारा से अपेक्षाकृत पीछे रहे हैं, उन्हें राष्ट्रीय स्तर पर बेहतर कनेक्टिविटी मिलेगी। आॅल इंडिया रेलवे मेंस फेडरेशन के उपाध्यक्ष एसएनपी श्रीवास्तव ने बताया कि हाई स्पीड कॉरिडोर से रोजगार नए अवसर भी सृजित होंगे। निर्माण कार्य से लेकर संचालन, रखरखाव, स्टेशन विकास, लाजिस्टिक्स और सहायक सेवाओं में हजारों युवाओं को प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रोजगार मिलने की संभावना है।

इसके अलावा, स्थानीय उत्पादों—जैसे कृषि उपज, हथकरघा और लघु उद्योग को बड़े बाजारों तक पहुंच मिल सकेगी। शिक्षा और स्वास्थ्य के क्षेत्र में भी यह परियोजना महत्वपूर्ण साबित होगी। पटना, वाराणसी और सिलीगुड़ी जैसे शैक्षणिक एवं चिकित्सीय केंद्रों तक तेज पहुंच मिलने से बिहार के छात्रों और मरीजों को काफी सहूलियत होगी। आपात स्थितियों में तेज परिवहन जीवनरक्षक साबित हो सकता है। पर्यटन की दृष्टि से भी यह कॉरिडोर बिहार के लिए लाभकारी है। बोधगया, वैशाली, नालंदा जैसे ऐतिहासिक और धार्मिक स्थलों तक पर्यटकों की आवाजाही बढ़ेगी, जिससे स्थानीय अर्थव्यवस्था को बल मिलेगा।

Share.
Leave A Reply

Exit mobile version