
याचिका में रजिस्ट्री ने पाईं 14 खामियां, दस्तावेजी और तकनीकी कमियां दूर होने के बाद ही सुनवाई के लिए होगी सूचीबद्ध
नई दिल्ली। लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी और विपक्षी इंडिया गठबंधन के 11 नेताओं की ओर से निर्वाचन आयोग के खिलाफ दायर याचिका पर मंगलवार को सुनवाई नहीं होगी। सुप्रीम कोर्ट की ओर से 13 अक्टूबर के लिए जारी सप्लीमेंट्री लिस्ट में इस याचिका को शामिल नहीं किया गया है। बताया जा रहा है कि सुप्रीम कोर्ट की रजिस्ट्री ने याचिका में 14 तकनीकी और दस्तावेजी खामियां पाई हैं। इन कमियों को दूर करने के बाद ही मामले को सुनवाई के लिए सूचीबद्ध किया जा सकेगा।
रजिस्ट्री के अनुसार, याचिका में कई आवश्यक औपचारिकताएं पूरी नहीं की गई हैं। इनमें कुछ लोगों को नाम से प्रतिवादी बनाने, पुराने फैसले की प्रति संलग्न नहीं करने और नौ याचिकाकर्ताओं के वकालतनामे नहीं होने जैसी कमियां शामिल हैं। इसके अलावा कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे के पहचान पत्र की प्रति भी धुंधली बताई गई है। रजिस्ट्री ने यह भी उल्लेख किया है कि निर्धारित कोर्ट फीस में 220 रुपये की कमी है।
रजिस्ट्री ने स्पष्ट किया है कि सभी दस्तावेजी और तकनीकी खामियों को दूर करने के बाद ही याचिका सुनवाई के लिए सूचीबद्ध हो पाएगी।
11 विपक्षी नेताओं ने संयुक्त रूप से दायर की याचिका
इससे पहले राहुल गांधी की कानूनी टीम ने निर्वाचन आयोग के खिलाफ कथित अनियमितताओं को लेकर सुप्रीम कोर्ट में याचिका दाखिल की थी। याचिका 12 अक्टूबर को शाम 4 बजकर 37 मिनट पर दाखिल की गई थी और इसे सुप्रीम कोर्ट की रजिस्ट्री में दर्ज किया गया था।
यह याचिका केवल राहुल गांधी की ओर से नहीं, बल्कि विपक्षी इंडिया गठबंधन के 11 नेताओं की ओर से संयुक्त रूप से दायर की गई है। याचिकाकर्ताओं में राहुल गांधी, कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे, सौगत रॉय, अखिलेश यादव, तेजस्वी प्रसाद यादव, संजय राउत, एमए बेबी, डी. राजा, महुआ माजी, सुप्रिया सुले और ई. टी. मोहम्मद बशीर शामिल हैं। याचिकाकर्ताओं की ओर से अधिवक्ता प्रसन्ना एस. पैरवी कर रहे हैं।
निर्वाचन आयोग समेत चार पक्ष बनाए गए प्रतिवादी
याचिका में कुल चार पक्षों को प्रतिवादी बनाया गया है। इनमें भारतीय निर्वाचन आयोग (ईसीआई) के अलावा आयोग के अधिकारी ज्ञानेश कुमार, सुखबीर सिंह संधू और विवेक जोशी शामिल हैं।
याचिका पर सुनवाई टलने के बाद अब इसकी आगे की प्रक्रिया रजिस्ट्री की ओर से बताई गई कमियों को दूर करने पर निर्भर करेगी। हालांकि, मामले की अगली सुनवाई के लिए अभी कोई तारीख तय होने की जानकारी नहीं है।
इंडिया गठबंधन के नेताओं की बैठक आज
इस बीच, सूत्रों के मुताबिक राहुल गांधी ने मंगलवार को लोकसभा और राज्यसभा के सदस्यों को अपने आवास पर चाय के लिए आमंत्रित किया है। दोपहर में इंडिया गठबंधन के नेताओं की संयुक्त प्रेस कॉन्फ्रेंस भी प्रस्तावित है। इसके बाद चाय का कार्यक्रम रखा गया है।
माना जा रहा है कि बैठक में निर्वाचन आयोग से जुड़े मुद्दों और इस मामले में विपक्ष की आगे की रणनीति पर चर्चा हो सकती है।

