नई दिल्ली। झारखंड में जेपीएससी, जेएसएससी सीजीएल और उत्पाद सिपाही भर्ती परीक्षा में कथित अनियमितताओं एवं पेपर लीक के मुद्दे को लेकर झारखंड भाजपा के सांसदों ने बुधवार को दिल्ली स्थित मकर द्वार के समक्ष प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के दौरान भाजपा नेताओं ने कांग्रेस पर दोहरी राजनीति करने का आरोप लगाया और भर्ती घोटालों की सीबीआई जांच की मांग दोहराई।

https://newsmaati.com/wp-content/uploads/2026/07/1000218906.mp4

भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष एवं राज्यसभा सांसद आदित्य साहू ने कहा कि कांग्रेस दिल्ली में छात्रों के मुद्दों पर मुखर दिखाई देती है, जबकि झारखंड में भर्ती परीक्षाओं में कथित गड़बड़ियों और पेपर लीक के मामलों पर चुप्पी साधे हुए है। उन्होंने आरोप लगाया कि उत्पाद सिपाही भर्ती दौड़ के दौरान 19 अभ्यर्थियों की मौत हुई, लेकिन कांग्रेस ने इस मुद्दे पर कोई ठोस पहल नहीं की।

आदित्य साहू ने कहा कि भाजपा की मांग है कि उत्पाद सिपाही भर्ती के दौरान जान गंवाने वाले अभ्यर्थियों के परिजनों को झारखंड सरकार एक-एक करोड़ रुपये का मुआवजा दे। उन्होंने कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे, सोनिया गांधी और राहुल गांधी से झारखंड जाकर वहां के युवाओं और छात्रों के सवालों का जवाब देने की भी मांग की।

भाजपा नेता ने कहा कि पिछले छह वर्षों में झारखंड में हुई सभी भर्ती परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं और पेपर लीक के मामलों की सीबीआई से निष्पक्ष जांच कराई जानी चाहिए। उनका आरोप था कि राज्य सरकार सीआईडी जांच के माध्यम से मामलों को दबाने का प्रयास कर रही है, इसलिए सीबीआई जांच ही उचित विकल्प है।

उन्होंने कांग्रेस से झारखंड की हेमंत सोरेन सरकार से समर्थन वापस लेने और मुख्यमंत्री से इस्तीफे की मांग करने का भी आग्रह किया। साहू ने कहा कि यदि कांग्रेस वास्तव में छात्रों और युवाओं के हितों को लेकर गंभीर है, तो उसे इस मुद्दे पर स्पष्ट रुख अपनाना चाहिए।

प्रदर्शन के दौरान भाजपा सांसदों ने “हेमंत सोरेन इस्तीफा दो”, “युवाओं के भविष्य का सौदा बंद करो”, “भर्ती परीक्षा में गड़बड़ी पर राहुल गांधी चुप्पी तोड़ो” और “कांग्रेस दोहरी राजनीति बंद करे” जैसे नारे लगाए।

प्रदर्शन में आदित्य साहू के अलावा सांसद निशिकांत दुबे, बीडी राम, विद्युत वरण महतो, डॉ. प्रदीप वर्मा, कालीचरण सिंह, ढुल्लू महतो और मनीष जायसवाल सहित अन्य भाजपा नेता मौजूद रहे।

Share.
Leave A Reply

Exit mobile version