
मुजफ्फरपुर। बिहार की पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी के आवास खाली करने के विवाद के मामले को लेकर मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने मंगलवार को पहली प्रतिक्रिया दी। उन्होंने साफ शब्दों में कहा कि यह राजतंत्र नहीं, लोकतंत्र है। यहां किसी की कोई बपौती नहीं है। बंगला खाली होगा। अगर कोई गुंडा गर्दी करेगा तो उसको पकड़कर जेल में डाला जाएगा।
मुजफ्फरपुर में आयोजित सहयोग शिविर को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने कहा कि कुछ लोगों को लगता है कि हमारे खिलाफ कार्रवाई हो रही है, लेकिन कभी किसी के खिलाफ कार्रवाई नहीं होती। उन्होंने खुद का उदाहरण देते हुए कहा कि, ‘मैं पिछले 10 वर्षों में कई बार मंत्री और उपमुख्यमंत्री बना, गृह मंत्री भी बना, लेकिन सरकारी घर में नहीं रहा। अपने निजी आवास में रहा।’
सीएम सम्राट चौधरी ने नीतीश कुमार को धन्यवाद देते हुए कहा कि उन्हें कोई नोटिस नहीं गया, लेकिन वह मुख्यमंत्री पद से हटते ही सीएम आवास खाली कर दूसरे आवास में चले गए। लोकतंत्र में लोग उसे देखना चाहते हैं जो जनता के सेवक होते हैं। मैंने मुख्यमंत्री आवास के सामने लोक सेवक का आवास भी लिखवा दिया है।
सभा को संबोधित करते हुए सम्राट चौधरी ने कहा कि लोकतंत्र में सरकारी आवास किसी की बपौती नहीं होता है। यह राजतंत्र नहीं है कि जो बंगला आपको एक बार मिल गया, फिर आप उसी में रहेंगे। सीएम ने कहा कि ‘मैं 1999 में मंत्री बना था, आज जिस घर में हूं, वह मेरा 11वां घर है। मैं तीन घर में खुद रहा, लेकिन अन्य घरों में मैंने कार्यालय चलाने का काम किया।’

