
पटना। शास्त्रीनगर थाना की पुलिस ने चोरी के मामले में दिनेश कुमार उर्फ विजय कुमार उर्फ लंगड़ा समेत चार आरोपितों को गिरफ्तार किया है। बुधवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस कर सेंट्रल एसपी ने पूरे मामले की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि दिनेश ने कबूल किया है कि वह बीते 12 वर्षों में 100 से अधिक घरों में चोरी कर चुका है। वह अकेले चोरी की घटनाओं को अंजाम देता था। उसकी पत्नी पूनम देवी चोरी के गहने बेचती थी, जबकि बेटा आर्यन इशु रुपये के लेनदेन की जिम्मेदारी संभालता था।



दिनदहाड़े भी चोरी करने वाला दिनेश वारदात के बाद स्वजन के साथ घूमने जाता था। उसकी पत्नी पूनम देवी (43) और बेटे आर्यन इशु (20), तीनों निवासी चक हुसैन, थाना खुशरूपुर, पटना, को वर्तमान में कंकड़बाग थाना क्षेत्र के 90 फीट स्थित शिव शंकर प्रसाद के मकान से गिरफ्तार किया।
चौथे आरोपी योगेश कुमार, पिता स्व. दीनानाथ गुप्ता, निवासी एमआइजी-54, लोहिया नगर, कंकड़बाग, पटना को भी पकड़ा गया है। योगेश का अपना ओम अलंकार नाम से ज्वेलरी दुकान है। चोरी की ज्वेलरी दिनेश की पत्नी योगेश के पास बेचती थी। छापामारी में पुलिस ने एक सोने की बिस्कुट, चांदी तीन बिस्कुट है, चांदी का सिक्का, चांदी की कटोरी, चार चूड़ियां, 28 बिछिया, नौ जोड़ी पायल, एक ब्रेसलेट बरामद किया।
इसके अलावा 1.29 लाख रुपये नकद, एक देसी कट्टा, तीन जिंदा कारतूस, 41 ग्राम स्मैक और पांच मोबाइल फोन मिले हैं। दिनेश 2014 में केंद्रीय मंत्री गिरीराज सिंह के बोरिंग रोड वाले आवास में भीषण चोरी की घटना को अंजाम दिया था।
इस घटना में दिनेश और मंत्री के आवास में रह रहे दो स्टाफ समेत चार लोगों की गिरफ्तारी हुई थी। एक करोड़ रुपये से अधिक का सामान व नकदी बरामद किया गया था। दिनेश के खिलाफ पुलिस को अबतक दस थानों में चोरी के कांडों की जानकारी मिली है।

