
रामगढ़ । रामगढ़ के कांके बार में बजाज बाइक शोरूम में हुई धनतेरस की कमाई चोरों ने उड़ा ली। रविवार को जब शोरूम का शटर खुला तो मालिक और कर्मचारी सभी आवक रह गए। कैशियर के कमरे का शीशा टूटा हुआ था और अंदर से लाखों रुपये नगद गायब थे। घटना की सूचना तत्काल शोरूम के मालिक वत्सल पोद्दार ने रामगढ़ थाना प्रभारी को दी। घटनास्थल पर पहुंची पुलिस ने जांच भी शुरू कर दी है।
रामगढ़ थाना प्रभारी नवीन प्रकाश पांडे ने बताया कि लगभग पांच लाख रुपये नगद और चेक चोरों की ओर से चुराई गई है। उन्होंने छानबीन कर यह बताया कि चोर शोरूम के पीछे बनी लेडिस बाथरूम का वेंटीलेटर तोड़कर अंदर घुसा था। इसके बाद में सीधे कैशियर के रूम में पहुंचा। वहां उसने काउंटर का शीशा तोड़कर दरवाजा खोला, फिर कैश काउंटर से पांच लाख नगद रुपये निकाल कर फरार हो गया।
चोरी की यह वारदात शोरूम के अंदर लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हुई है। लगभग 41 मिनट के वीडियो में स्पष्ट दिख रहा है कि हुडी लगाया हुआ चोर शोरूम के अंदर घुसता है। इसके बाद कैशियर के कमरे में घुसकर बड़े आराम से नगद अपने बैग में रखकर फरार हो जाता है। सीसीटीवी में चोर का चेहरा स्पष्ट तौर पर नजर नहीं आया है। पुलिस उस चोर को पकड़ने के लिए शोरूम के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरे को खंगाल रही है, ताकि चोर की पहचान आसानी से हो सके। जिस तरह चोरी की गई है उससे पुलिस को यह संदेह है कि शोरूम का कोई कर्मचारी जरूर चोर से मिला है।
