
रांची । पुंदाग ओपी क्षेत्र के सेल सिटी स्थित झारखंड के पूर्व सूचना आयुक्त हिमांशु शेखर चौधरी के बंद घर को चोरों ने निशाना बनाया। चोर घर से करीब डेढ़ लाख रुपये नकद, 20 से 25 लाख रुपये के जेवरात, एक लैपटॉप और अन्य कीमती सामान लेकर फरार हो गए। चोरी के दौरान घर का ताला तोड़ने के साथ कई अन्य सामान को भी नुकसान पहुंचाया गया।



पूर्व सूचना आयुक्त के अनुसार, सीसीटीवी फुटेज में तीन संदिग्धों की गतिविधियां कैद हुई हैं। तीनों ने अपने चेहरे ढक रखे थे। मामले की जानकारी पुलिस को दे दी गई है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। चौधरी ने बताया कि वह परिवार के साथ सात अक्टूबर को अपने गांव गए थे। इस दौरान घर बंद था। घर की देखभाल करने और पौधों में पानी देने के लिए आने वाली महिला जब वहां पहुंची, तो उसने घर का ताला टूटा हुआ देखा। महिला ने फोन कर इसकी जानकारी दी। इसके बाद परिवार की ओर से उसे घर के अंदर जाकर स्थिति देखने को कहा गया।
घर के अंदर कई जगह सामान बिखरा हुआ था। पौधों को नुकसान पहुंचाया गया था। गाड़ी और फेंसिंग भी टूटी हुई मिली। घर की स्थिति देखकर अंदाजा लगाया जा रहा है कि चोरों ने काफी देर तक तलाशी ली और कीमती सामान लेकर फरार हो गए। पूर्व सूचना आयुक्त ने बताया कि परिवार अभी गांव से लौट रहा है। रांची पहुंचने के बाद चोरी गए सामान और घटना से जुड़ी अन्य जानकारी विस्तार से दी जा सकेगी। फिलहाल पुलिस सीसीटीवी फुटेज और अन्य पहलुओं के आधार पर मामले की जांच में जुटी है। हैरानी की बात यह है कि सेल सिटी में पूर्व एडीजी और डीआईजी स्तर के अधिकारियों के भी आवास हैं।

