
बेंगलुरु । प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को बेंगलुरु में एक जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि ऑपरेशन सिंदूर की सफलता में हमारी टेक्नोलॉजी और ‘मेक इन इंडिया’ की ताकत है। उन्होंने कहा कि दुनिया ने पहली बार ‘ऑपरेशन सिंदूर’ के दौरान भारत का नया चेहरा देखा, जब उसने पाकिस्तान के भीतर आतंकी ठिकानों को नष्ट करने में अपनी क्षमता का प्रदर्शन किया।
उन्होंने कहा कि ऑपरेशन सिंदूर की इस सफलता के पीछे बहुत बड़ी वजह हमारी टेक्नोलॉजी और डिफेंस में मेक इन इंडिया की ताकत है। इसमें बेंगलुरु और कर्नाटक के युवाओं का भी बहुत बड़ा योगदान है। मैं इसके लिए भी आप सभी का अभिनंदन करता हूं। उन्होंने कहा कि ऑपरेशन सिंदूर के दौरान दुनिया ने पहली बार भारत का नया चेहरा देखा, जहां भारतीय सेना ने पाकिस्तान के भीतरी इलाकों में आतंकी ठिकानों को निशाना बनाकर उन्हें नष्ट करने और कुछ ही घंटों में पाकिस्तान को घुटने टेकने पर मजबूर करने की क्षमता का प्रदर्शन किया।
इससे पहले पीएम मोदी ने रविवार को बेंगलुरू मेट्रो रेल परियोजना के तीसरे चरण की आधारशिला रखी। इस परियोजना पर 15,610 करोड़ रुपये से अधिक की लागत आने का अनुमान है। बेंगलुरु मेट्रो के तीसरी चरण की परियोजना ‘‘ऑरेंज लाइन’’ के नाम से भी जानी जाती है। इसकी कुल लंबाई 44 किमी से अधिक होगी, जिसमें 31 ‘एलिवेटेड’ स्टेशन होंगे।
