वाशिंगटन। अमेरिका के राष्ट्रपति डोनल्ड ट्रंप ने मंगलवार को दावा किया कि ईरान समझौता करने के लिए बेहद बेताब है और मौजूदा संघर्ष बहुत जल्दी खत्म हो जाएगा। उन्होंने यह भी कहा कि आने वाले समय में वैश्विक तेल कीमतों में भारी गिरावट देखने को मिलेगी क्योंकि बाजार में तेल की आपूर्ति काफी ज्यादा है।

प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान ट्रंप ने कहा कि दुनिया में इतना ज्यादा तेल मौजूद है कि कीमतें तेजी से नीचे आएंगी। हम इस युद्ध को बहुत जल्दी खत्म कर देंगे। ईरान समझौता करना चाहता है। यह बयान ऐसे समय आया है जब अमेरिका और ईरान के बीच शांति समझौते को लेकर बातचीत जारी है और मध्य पूर्व में तनाव बना हुआ है।

कतर, सऊदी और यूएई की अपील पर टला हमला : ट्रंप ने सोमवार को अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ट्रुथ सोशल पर लंबा बयान जारी कर बताया कि कतर के अमीर शेख तमीम बिन हमद अल थानी, सऊदी क्राउन प्रिंस मोहम्मद बिन सलमान और यूएई के राष्ट्रपति मोहम्मद बिन जायद अल नाहयान ने उनसे ईरान पर प्रस्तावित हमला रोकने की अपील की थी।

ट्रंप ने कहा कि अमेरिका ने ईरान पर मंगलवार को सैन्य हमला करने की योजना बनाई थी, लेकिन खाड़ी देशों के नेताओं की अपील और जारी वातार्ओं को देखते हुए इसे फिलहाल टाल दिया गया। हालांकि उन्होंने यह भी साफ किया कि यदि समझौता नहीं हुआ तो अमेरिका किसी भी समय बड़े पैमाने पर हमला करने के लिए तैयार है।

ट्रंप ने कहा कि संभावित समझौते में सबसे अहम शर्त यह होगी कि ईरान के पास परमाणु हथियार नहीं होंगे। उन्होंने अमेरिकी रक्षा मंत्री पीट हेगसेथ, ज्वाइंट चीफ्स आॅफ स्टाफ के चेयरमैन जनरल डेनियल केन और सेना को निर्देश दिया है कि वे किसी भी स्थिति के लिए पूरी तरह तैयार रहें।

Share.
Leave A Reply

Exit mobile version