रांची। पलामू में पांचवीं कक्षा की एक छात्रा की किताबें कोयल नदी में बायी बाढ के पानी में बह गईं। ऐसे में छात्रा मदद के लिए डीसी दिलीप प्रताप सिंह शेखावत के पास पहुंची और उनसे नई किताबें और कॉपियां मुहैया कराने का आग्रह किया। उपायुक्त ने मामले में गंभीरता दिखाई एवं 24 घंटे के भीतर किताबें और कॉपियां मुहैया करायी।

उल्लेखनीय है कि उपायुक्त हर बुधवार को जन समाधान कार्यक्रम आयोजित करते हैं। ऐसे में मेदिनीनगर नगर निगम के वार्ड नंबर दो बैंक कॉलोनी निवासी और कक्षा पांचवीं की छात्रा कृतिका कुमारी अपनी समस्या लेकर पहुंची।

कृतिका ने उपायुक्त को बताया कि हाल में भारी बारिश और कोयल नदी का जलस्तर बढ़ने से उसके घर में पानी घुस गया था, जिससे उसकी कॉपी-किताबें एवं पढ़ाई की अन्य सामग्री बह गई थी। निजी विद्यालय में पढ़ायी करती है। मां घर-घर काम करके परिवार का भरण पोषण करती है। पिता कुछ काम नहीं कर पाते। ऐसे में नयी किताब और कॉपी दोबार खरीदने में आर्थिक समस्या आ रही है। किताब और कॉपी के अभाव में उसकी पढ़ायी रूक गयी है। कृतिका ने उपायुक्त दिलीप प्रताप सिंह शेखावत से पढ़ाई के लिए किताबें उपलब्ध कराने का अनुरोध किया था।

बच्ची की बात को गंभीरता से लेते हुए उपायुक्त ने तत्काल जिला शिक्षा पदाधिकारी संदीप कुमार को आवश्यक शैक्षणिक सामग्री उपलब्ध कराने का निर्देश दिया था। गुरूवार को उपायुक्त ने अपने कार्यालय कक्ष में कृतिका को स्वयं किताबें उपलब्ध कराईं। कृतिका का सपना जवाहर नवोदय विद्यालय में दाखिला लेकर आगे पढ़ाई करने का है। किताबें मिलने के बाद उसके चेहरे पर खुशी साफ दिखाई दी।

Share.
Leave A Reply

Exit mobile version