
पटना। पटना के पारस अस्पताल में चंदन मिश्रा हत्याकांड में मुख्य शूटर तौसीफ बादशाह को पुलिस ने किया गिरफ्तार। बाकी चारों शूटरों की पहचान सीसीटीवी फुटेज के आधार पर कर ली गई है। इनकी गिरफ्तारी के लिए भी पुलिस कर रही है छापेमारी । शूटआउट को तौसीफ बादशाह ही लीड कर रहा था। बाकी शूटर उसके पीछे थे ।
पारस हॉस्पिटल में कुख्यात चंदन मिश्रा को गोली मारने वाले पांच शूटरों में पहला फुलवारी शरीफ का कुख्यात तौसीफ रजा उर्फ बादशाह है। दूसरा आकिब मालिक, तीसरा सोनू, चौथा कालू उर्फ मुस्तकीम और पांचवां भिंडी उर्फ बलवंत सिंह है। इनमें से आकिब मालिक फुलवारी शरीफ का ही रहने वाला है जबकि बलवंत बक्सर का रहने वाला है।
चंदन पर दर्ज हैं 25 से अधिक आपराधिक मामले : चंदन के पारस हॉस्पिटल में एडमिट होने की जानकारी शूटर को हुई और उसने पैरोल अवधि खत्म होने से पहले ही चंदन मिश्रा की हत्या कर दी । चंदन मिश्रा पर खुद 25 से अधिक आपराधिक मामले दर्ज हैं । चंदन की हत्या में छह अपराधी शामिल थे. इनमें से पांच अंदर गए थे और एक बाहर खड़ा था. सभी शूटर दो अपाचे बाइक से आए थे. एक-एक बाइक में तीन शूटर बैठे थे। गोली मारने के बाद जब सभी अस्पताल से बाहर आए तब हथियार लहराते हुए समनपुरा की तरफ से भाग गए।
पटना के पारस हॉस्पिटल में दिनदहाड़े गोली मारकर की गई चंदन मिश्रा की हत्या ने बिहार की कानून व्यवस्था और जेल प्रबंधन की सुरक्षा व्यवस्था लापरवाही उजागर कर दी है। चंदन मिश्रा हत्या के एक मामले में बेउर जेल में बंद था। तबीयत बिगड़ने पर उसे इलाज के लिए पारस हॉस्पिटल लाया गया था।
