देवघर । दिल्ली विश्वविद्यालय छात्र संघ चुनाव में अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद की जीत पर छात्रों को बधाई देते हुए सांसद निशिकांत दुबे ने राहुल गांधी पर कटाक्ष किया। उन्होंने कहा कि अब राहुल गांधी को सुनने वाला कोई नहीं है, इसलिए वह अपने मंच पर कलाकारों को बुलाकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का मजाक बनाने की कोशिश कर रहे हैं। निशिकांत दुबे ने कहा कि हाल के दिनों में राहुल गांधी ने गुजरात में आयोजित एक कार्यक्रम में नेहा राठौर के साथ मंच साझा किया और इसके बाद इंदौर में एक स्टैंडअप कॉमेडियन के साथ मंच साझा किया। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी को मंच पर सुनने के लिए लोग तैयार नहीं हैं, इसलिए वह कलाकारों का सहारा लेते नजर आ रहे हैं. इसी क्रम में उन्होंने कटाक्ष करते हुए कहा कि यदि स्थिति ऐसी ही रही तो वह दिन दूर नहीं जब राहुल गांधी को राखी सावंत के साथ भी मंच साझा करना पड़ेगा।

झारखंड में MMDR बिल को लेकर हो रहे विरोध पर निशिकांत दुबे ने राज्य सरकार की मंशा पर सवाल उठाया. उन्होंने आरोप लगाया कि राज्य सरकार की नीयत में खोट है, इसलिए बिल का विरोध किया जा रहा है. उन्होंने कहा कि कोयला सिर्फ झारखंड में ही नहीं, बल्कि देश के कई अन्य राज्यों में भी पाया और उत्पादित किया जाता है ।उन्होंने तमिलनाडु, कर्नाटक, बिहार और नॉर्थ ईस्ट के असम, सिक्किम समेत कई राज्यों का उल्लेख किया।

उन्होंने कहा कि अन्य राज्यों की सरकारों की ओर से इस तरह का विरोध देखने को नहीं मिला, जबकि झारखंड में इसका विरोध ज्यादा हो रहा है. निशिकांत दुबे ने कहा कि यदि झारखंड सरकार इस बिल को स्वीकार नहीं करती है तो इससे देश की बजाय राज्य सरकार को ही नुकसान होगा. उन्होंने दावा किया कि आने वाले समय में राज्य सरकार को इसका खामियाजा भुगतना पड़ सकता है और स्थिति ऐसी हो जाएगी कि सरकार के पास अपनी गाड़ियों में तेल भरवाने तक के पैसे नहीं बचेंगे ।

Share.
Leave A Reply

Exit mobile version