मुंबई। लोकसभा चुनाव का ठग भी फायदा उठा रहे हैं। मुंबई क्राइम ब्रांच ने ऐसे ठग को गिरफ्तार किया है, जिसने बुजुर्ग महिला से खुद को एक चुनाव उम्मीदवार का आदमी बताया। उसने बताया कि उम्मीदवार की तरफ से महिलाओं को साड़ियां बांटी जा रही हैं। आपको भी साड़ी मिल जाएगी, लेकिन आपको इसके लिए गरीब दिखना पड़ेगा। सीनियर इंस्पेक्टर दीपक सुर्वे के अनुसार, इस बहाने ठग ने महिला के शरीर से 1 लाख 70 हजार रुपये की कीमत के आभूषण उतरवा लिए। फिर इन आभूषण को एक थैली में रखे। वह महिला के साथ थोड़ा आगे बढ़ा और उस थैली जैसी एक दूसरी थैली महिला को दे दी। इसके बाद वहां से निकल गया।

महिला जब साड़ी लेने के लिए आगे गई, तो वहां उसे कोई उम्मीदवार या उसकी पार्टी से जुड़ा कार्यकर्ता दिखाई नहीं दिया। इसके बाद महिला ने जब अपने गहने पहनने के लिए थैली खोली, तो उसमें उसे पत्थर मिले।

दीपक सुर्वे के अनुसार, ठग ने कई बुजुर्गों से कहा कि उम्मीदवार आगे राशन दे रहा है। आप अपनी घड़ी व अन्य सामान उतार दो और हमें दे दो। इस तरह उन्हें भी ठग लिया। क्राइम ब्रांच ने जिस आरोपी को गिरफ्तार किया, उसका असली नाम सुनील शिंदे है, लेकिन इससे पहले वह दूसरे नामों से गिरफ्तार हुआ है। उसने पुलिस को अपने घर का पता नहीं बताया था। उसने बताया कि वह मुंबई में अलग-अलग फुटपाथों पर सोता है।

Share.
Leave A Reply

Exit mobile version