पटना। विश्व में मोक्षधाम के रूप में पहचान रखने वाले गयाजी के धार्मिक और आध्यात्मिक महत्व को आधुनिक पर्यटन सुविधाओं से जोड़ने की दिशा में राज्य सरकार की महत्वाकांक्षी योजनाओं पर अब जमीनी स्तर पर कार्यवाही शुरू हो गई है। विष्णुपद मंदिर क्षेत्र के समग्र विकास और सोन-फल्गु नदी जोड़ योजना के लिए कुल 3,516 करोड़ स्वीकृति के बाद आगे की गतिविधियां जोर पकड़ रही हैं। परियोजनाओं के लिए कंसल्टेंट की नियुक्ति की जा चुकी है और टेंडर की प्रक्रिया भी पूरी हो गई है। अब जल्द ही निर्माण एजेंसी को कार्य सौंपा जाएगा। विष्णुपद मंदिर क्षेत्र का विकास वाराणसी के काशी विश्वनाथ कारिडोर की तर्ज पर किए जाने की योजना है। 2520 करोड़ रुपये की इस महत्वाकांक्षी परियोजना के तहत मंदिर परिसर के विकास के साथ मल्टीलेवल कार पार्किंग, एलीवेटेड पथ, मनसरवा-मानपुर ब्रिज, रैंप, घाटों का विकास, डोरमेट्री एवं कैंटीन, पैदल यात्री पुल, प्रतिमाओं का निर्माण, पीएफसी सीता कुंड तथा सार्वजनिक एवं आंतरिक सुविधाओं का विकास किया जाएगा।फल्गु नदी में जल की उपलब्धता बढ़ेगी : इसी के साथ 996.5 करोड़ रुपये की सोन-फल्गु नदी जोड़ योजना भी गयाजी और बोधगया के लिए महत्वपूर्ण साबित होगी। इसके तहत सोन नदी से जल का उद्वह कर पाइपलाइन और नहर के माध्यम से मोरहर नदी तक पहुंचाया जाएगा। मोरहर नदी पर करीब 10 मिलियन घन मीटर क्षमता का कृत्रिम जलाशय बनाया जाएगा।

Share.
Leave A Reply

Exit mobile version