
पटना। छात्र आंदोलन के दौरान हुई हिंसा के बाद पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए जनशक्ति जनता दल के राष्ट्रीय अध्यक्ष तेज प्रताप यादव को गिरफ्तार कर लिया। मजिस्ट्रेट ने उन्हें 14 दिन की न्यायिक हिरासत में बेउर केंद्रीय कारा भेज दिया। अपने राजनीतिक जीवन में यह पहला मौका है जब तेज प्रताप यादव को जेल जाना पड़ा है।पुलिस ने शनिवार देर रात पटना के सिटी सेंटर मॉल के पास से तेज प्रताप यादव को गिरफ्तार किया गया। इस दौरान वे अपनी गाड़ी में जाने की बात करते रहे।
पुलिस के आला अधिकारियों के समझाने पर वे पुलिस की गाड़ी में बैठे। उन पर कानून-व्यवस्था भंग करने, समर्थकों को उकसाने, सरकारी कार्य में बाधा डालने और हिंसक प्रदर्शन को बढ़ावा देने समेत अन्य आरोप लगाए गए हैं।
गिरफ्तारी के बाद पहले उन्हें दीघा थाना और फिर नौबतपुर थाना ले जाया गया। रात करीब 12:15 बजे उन्हें छज्जूबाग स्थित न्यायिक दंडाधिकारी के आवास पर पेश किया गया, जहां से 14 दिन की न्यायिक हिरासत में बेउर जेल भेजने का आदेश दिया गया।
