
रामगढ़। जिले के कुजू में एक वृद्ध दंपति को बंधक बनाकर बेटे से 10 लाख रुपये की फिरौती अपराधियों ने मांगी। सोमवार की देर रात हुई। घटना के बाद पुलिस ने आधा दर्जन लोगों को हिरासत में लिया है। पुलिस इस पूरे मामले की तफ्तीश कर रही है ताकि हकीकत सामने आ सके। कुजू ओपी प्रभारी आशुतोष कुमार सिंह ने बताया कि सोमवार की देर रात लोहा गेट निवासी नंदकिशोर सिंह के आवास पर लगभग आठ नकाबपोश अपराधियों ने धावा बोल दिया। नंदकिशोर सिंह और उनकी पत्नी को बंधक बनाकर अपराधियों ने उनके बेटे मनोज सिंह से 10 लाख रुपये की फिरौती मांगी।
नंदकिशोर सिंह ने पुलिस को बताया कि जब अपराधियों ने बंधक बनाया था तो वे लोग लूटपाट कर रहे थे। घर में रखे लगभग 15 हजार रूपए नगद और कुछ जेवर अपराधियों के हाथ लगे थे। इसके बाद अपराधियों ने घर से निकलकर वृद्ध दंपति को सुनसान इलाके में ले गए। इसके बाद नंदकिशोर सिंह के फोन से ही उनके बेटे से फिरौती की रकम मांगी गई।
मनोज सिंह को जैसे ही अपराधियों का फोन आया वह पुलिस के पास पहुंचे। पुलिस तत्काल अलर्ट हुई। रामगढ़ एसपी अजय कुमार के निर्देश पर एसडीपीओ परमेश्वर प्रसाद, मांडू थाना प्रभारी सदानंद कुमार, वेस्ट बोकारो ओपी प्रभारी दीपक कुमार को इस अभियान में लगाया गया। अपराधी नंदकिशोर सिंह के फोन से ही बात कर रहे थे वह लगातार अपना लोकेशन भी बदल रहे थे। ताकि पुलिस उन तक पहुंच नहीं सके।
अपराधियों ने कई घंटे तक पुलिस और नंदकिशोर सिंह के परिजनों को घुमाया। इसके बाद उन लोगों ने हजारीबाग जिले के कन्हेरी पहाड़ के पास रुपये लेकर आने को कहा। रुपये से भरा बैग लेकर मनोज सिंह जब वहां पहुंचे तो पुलिस ने भी वहां जाल बिछा रखा था। बाइक पर सवार होकर जब कुछ लोग रुपयों से भरा बैग लेने आए तो पुलिस ने उन्हें दबोच लिया। पुलिस की बढ़ती दबिश से अपराधियों का भी मनोबल टूट गया जिन्होंने वृद्ध दंपति को अपने कब्जे में रखा था। उन्हें जब लगा कि उनकी टीम के अन्य सदस्य सफल नहीं हो पाए तो वृद्ध दंपति को छोड़कर वे लोग भी भाग गए।
जमशेदपुर के साकची में गणेश पूजा के दौरान गोलीकांड का मुख्य आरोपी गिरफ्तार, हथियार और कारतूस बरामद
जमशेदपुर। साकची थाना क्षेत्र में गणेश पूजा के दौरान हुए गोलीकांड का मुख्य आरोपी राहुल राय पुलिस के हत्थे चढ़ गया है। पुलिस ने उसे तामुलिया रोड स्थित ब्रह्मानंद अस्पताल के पास से गिरफ्तार किया। तलाशी में उसके पास से घटना में प्रयुक्त एक देशी कट्टा समेत तीन जिंदा कारतूस बरामद किए गए। साकची स्थित एसएसपी कार्यालय में एक प्रेस कॉन्फ्रेंस कर नगर पुलिस अधीक्षक (सिटी एसपी) कुमार शिवाशीष ने मंगलवार को बताया कि 26 अगस्त 2025 की रात लगभग 11 बजे राज क्लब कमेटी की ओर से आयोजित गणेश पूजा में राहुल तिवारी और सूरज तिवारी के बीच विवाद और मारपीट हुई थी। उसी दौरान मौके पर मौजूद राहुल राय ने सूरज तिवारी को जान से मारने की नीयत से गोली चला दी। घटना के बाद साकची थाना में मामला दर्ज किया गया और पुलिस आरोपितों की तलाश में जुट गई।
सिटी एसपी ने बताया कि इस मामले में नामजद आरोपी राहुल तिवारी को पुलिस पहले ही 27 अगस्त को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज चुकी है। वहीं अब मुख्य आरोपित राहुल राय की गिरफ्तारी के साथ पुलिस ने घटना में प्रयुक्त हथियार और कारतूस भी बरामद कर लिए हैं। जांच में यह भी सामने आया है कि राहुल राय का लंबा आपराधिक इतिहास रहा है। उसके खिलाफ हत्या, हत्या के प्रयास, रंगदारी और आर्म्स एक्ट सहित कई संगीन मामले पहले से दर्ज हैं।
