
रांची। 1994 बैच की आइपीएस अधिकारी तदाशा मिश्रा को राज्य सरकार ने झारखंड पुलिस का नियमित डीजीपी बनाया है। वह झारखंड की पहली महिला नियमित डीजीपी बनी हैं। उन्हें नियमित डीजीपी बनाने के लिए राज्य सरकार ने अपनी नियमावली में भी संशोधन किया, जिसमें नियमित डीजीपी के लिए सेवानिवृत्ति की तिथि कम से कम छह महीने रहना अनिवार्य था।
तदाशा मिश्रा को राज्य सरकार ने छह नवंबर को झारखंड का प्रभारी डीजीपी बनाया था। उनकी वास्तविक सेवानिवृत्ति तिथि 31 दिसंबर 2025 थी। यानी सेवानिवृत्ति से केवल 55 दिन पहले उन्हें प्रभारी डीजीपी बनाया गया था। ऐसी स्थिति में यह तय माना जा रहा था कि राज्य में नियमित डीजीपी किसी और को बनाया जाएगा, क्योंकि तदाशा मिश्रा को उनकी सेवानिवृत्ति से छह महीने पहले प्रभारी डीजीपी नहीं बनाया गया है।
इसी बीच राज्य सरकार ने डीजीपी की नियुक्ति को लेकर बनी राज्य सरकार की महानिदेशक एवं पुलिस महानिरीक्षक झारखंड (पुलिस बल प्रमुख) का चयन एवं नियुक्ति नियमावली 2025 को संशोधित किया।
इसमें सेवानिवृत्ति की तिथि छह माह की बाध्यता को खत्म किया और उसी नियमावली के आधार पर तदाशा मिश्रा को राज्य का नियमित डीजीपी बनाया है। इस नियमावली को मानें तो अब तदाशा मिश्रा अगले दो सालों के लिए यानी वर्ष 2027 तक के लिए झारखंड की डीजीपी रहेंगी।
