मुंबई । अमेरिका में खुदरा महंगाई में बढ़ोतरी होने से फेडरल रिजर्व के सितंबर में ब्याज दर में चौथाई फीसदी की कटौती की उम्मीद में विश्व बाजार में आई तेजी से उत्साहित निवेशकों की स्थानीय स्तर पर हुई चौतरफा लिवाली की बदौलत आज शेयर बाजार करीब डेढ़ फीसदी से अधिक की छलांग लगाकर नये शिखर पर पहुंच गया। बीएसई का तीस शेयरों वाला संवेदी सूचकांक सेंसेक्स 1439.55 अंक अर्थात 1.77 प्रतिशत की उड़ान भरकर 82,962.71 अंक के नये रिकॉर्ड स्तर पर बंद हुआ। साथ ही नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (एनएसई) का निफ्टी 470.45 अंक यानी 1.89 प्रतिशत उछलकर 25,388.90 अंक के नये शिखर पर पहुंच गया।

दिग्गज कंपनियों की तरह मझौली और छोटी कंपनियों के शेयरों में भी जमकर लिवाली हुई, जिससे बीएसई का मिडकैप 1.32 प्रतिशत की तेजी के साथ 49,010.81 अंक और स्मॉलकैप 0.79 प्रतिशत मजबूत होकर 56,589.93 अंक पर रहा। इस दौरान बीएसई में कुल 4069 कंपनियों के शेयरों में कारोबार हुआ, जिनमें से 2337 में तेजी जबकि 1609 में गिरावट रही वहीं 123 में कोई बदलाव नहीं हुआ। इसी तरह निफ्टी की 49 कंपनियों में लिवाली जबकि एक में बिकवाली हुई।

विश्लेषकों के अनुसार, अमेरिका में अगस्त में उपभोक्ता मूल्य सूचकांक (सीपीआई) आधारित खुदरा महंगाई में 0.2 प्रतिशत की बढ़ोतरी हुई है। इसको ध्यान में रखते हुए अमेरिकी केंद्रीय बैंक फेडरल रिजर्व के इस महीने ब्याज दर में 0.25 प्रतिशत की कटौती करने की संभावना है। साथ ही यूरोपीय केंद्रीय बैंक (ईसीबी) के ब्याज दर में एक बार और कटौती करने की उम्मीद से भी निवेश धारणा मजबूत हुई। इससे विश्व बाजार में तेजी का रुख रहा। इस दौरान ब्रिटेन का एफटीएसई 0.90, जर्मनी का डैक्स 1.29, जापान का निक्केई 3.41 और हांगकांग के हैंगसेंग ने 0.77 प्रतिशत की छलांग लगाई। हालांकि चीन का शंघाई कम्पोजिट 0.17 प्रतिशत फिसल गया।

बीएसई के सभी 20 समूहों में लिवाली हुई। इससे धातु 3.05, दूरसंचार 2.61, टेक 2.06, पावर 2.02, कमोडिटीज 1.85, सीडी 1.47, ऊर्जा 1.68, एफएमसीजी 0.97, वित्तीय सेवाएं 1.39, हेल्थकेयर 1.10, इंडस्ट्रियल्स 1.34, आईटी 1.53, यूटिलिटीज 1.93, आॅटो 1.99, बैंकिंग 1.52, कैपिटल गुड्स 1.64, कंज्यूमर ड्यूरेबल्स 1.54, तेल एवं गैस 1.64, रियल्टी 0.91 और सर्विसेज समूह के शेयर 1.54 प्रतिशत चढ़ गए।
कारोबार की शुरूआत में 407 अंक की तेजी के साथ 81,930.18 अंक पर खुला लेकिन बिकवाली होने से दोपहर से पहले 81,534.29 अंक के निचले स्तर तक टूट गया। वहीं, कारोबार के अंतिम चरण हुई जबरदस्त लिवाली की बदौलत 83,116.19 अंक के उच्चतम स्तर पर पहुंचा। अंत में पिछले दिवस के 81,523.16 अंक के मुकाबले 1.77 प्रतिशत मजबूत होकर 82,962.71 अंक पर रहा।

इसी तरह निफ्टी भी 141 अंक चढ़कर 25,059.65 अंक पर खुला और सत्र के दौरान 24,941.45 अंक के निचले जबकि 25,433.35 अंक के उच्चतम स्तर पर रहा। अंत में पिछले सत्र के 24,918.45 अंक की तुलना में 1.89 प्रतिशत उछलकर 25,388.90 अंक पर बंद हुआ।

इस दौरान सेंसेक्स की जिन प्रमुख कंपनियों के शेयर लाभ में रहे उनमें भारती एयरटेल 4.36, एनटीपीसी 3.87, महिंद्रा एंड महिंद्रा 3.36, जेएसडब्ल्यू स्टील 3.06, अडानी पोर्ट्स 2.94, एसबीआई 2.57, टेक महिंद्रा 2.44, एलटी 2.43, टाटा स्टील 2.43, कोटक बैंक 2.08, इंफोसिस 2.07, अल्ट्रासिमको 1.95, रिलायंस 1.90, हिंदुस्तान यूनिलीवर 1.67, एचसीएल टेक 1.52, पावरग्रिड 1.49, इंडसइंड बैंक 1.48, एक्सिस बैंक 1.46, टाइटन 1.41, एचडीएफसी बैंक 1.32, मारुति 1.18, आईसीआईसीआई बैंक 1.17, बजाज फिन सर्व 1.13, टाटा मोटर्स 1.03, बजाज फाइनेंस 1.02, सन फार्मा 1.00, आईटीसी 0.93, एशियन पेंट 0.48 और टीसीएस 0.40 प्रतिशत शामिल है। वहीं, नेस्ले ने 0.09 प्रतिशत का नुकसान उठाया।

Share.
Leave A Reply

Exit mobile version