
मुंबई। पश्चिम एशिया में जारी जंग के बीच दो सप्ताह के युद्धविराम की खबर आने से घरेलू शेयर बाजार आज जोरदार तेजी का गवाह बन गया। दिन के कारोबार में सेंसेक्स और निफ्टी दोनों सूचकांक लगभग चार प्रतिशत तक उछल गए। आज के कारोबार की शुरूआत भी जबरदस्त मजबूती के साथ हुई थी। बाजार खुलने के बाद खरीदारों ने लगातार लिवाली का जोर बनाए रखा। हालांकि बीच-बीच में मुनाफा वसूली के चक्कर में बिकवाली के झटके भी लगते रहे, जिससे बाजार की चाल में मामूली उतार चढ़ाव भी होता रहा। पूरे दिन के कारोबार के बाद सेंसेक्स 3.95 प्रतिशत और निफ्टी 3.78 प्रतिशत की बढ़त के साथ बंद हुए। ये पिछले कुछ महीनो के दौरान सेंसेक्स और निफ्टी दोनों सूचकांकों की सबसे बड़ी इंट्रा-डे उछाल है।



स्टॉक मार्केट के सभी सेक्टोरल इंडेक्स जोरदार मजबूती के साथ हरे निशान में बंद हुए। आज के कारोबार के दौरान आॅटोमोबाइल, बैंकिंग और कंज्यूमर ड्यूरेबल्स सेक्टर के शेयरों में सबसे अधिक खरीदारी होती रही। खरीदारी के सपोर्ट से आॅटोमोबाइल इंडेक्स 6.69 प्रतिशत, बैंकिंग इंडेक्स 5.67 प्रतिशत और कंज्यूमर ड्यूरेबल इंडेक्स 5.15 प्रतिशत की मजबूती हासिल कर बंद हुए।
इसी तरह कैपिटल गुड्स तथा आॅयल एंड गैस इंडेक्स भी तीन प्रतिशत से अधिक उछल कर बंद हुए। इसके अलावा एफएमसीजी, हेल्थकेयर, मेटल, पब्लिक सेक्टर एंटरप्राइज और टेक इंडेक्स भी जोरदार मजबूती के साथ बंद होने में सफल रहे। ब्रॉडर मार्केट में भी आज लगातार खरीदारी होती रही, जिसके कारण निफ्टी का मिडकैप इंडेक्स 4.03 प्रतिशत की तेजी के साथ बंद हुआ। इसी तरह स्मॉलकैप इंडेक्स ने 4.39 प्रतिशत की छलांग लगा कर आज के कारोबार का अंत किया।
आज शेयर बाजार में आई मजबूती के कारण स्टॉक मार्केट के निवेशकों की संपत्ति में 16 लाख करोड़ रुपये से भी अधिक की बढ़ोतरी हो गई। बीएसई में लिस्टेड कंपनियों का मार्केट कैपिटलाइजेशन आज के कारोबार के बाद बढ़ कर 445.59 लाख करोड़ रुपये (अनंतिम) हो गया। जबकि पिछले कारोबारी दिन यानी मंगलवार को इनका मार्केट कैपिटलाइजेशन 429.26 लाख करोड़ रुपये था। इस तरह निवेशकों को आज के कारोबार से करीब 16.33 लाख करोड़ रुपये का मुनाफा हो गया।

