मुंबई। चीन की अर्थव्यवस्था को लेकर बढ़ते आशावाद से विश्व बाजार में आई तेजी से उत्साहित निवेशकों की स्थानीय स्तर पर हुई चौतरफा लिवाली की बदौलत आज शेयर बाजार तीन सप्ताह के उच्चतम स्तर पर बंद हुआ।
बीएसई का तीस शेयरों वाला संवेदी सूचकांक सेंसेक्स 1131.31 अंक अर्थात 1.53 प्रतिशत की छलांग लगाकर तीन सप्ताह के उच्चतम स्तर 75 हजार अंक के मनोवैज्ञानिक स्तर के पार 75,301.26 अंक पर पहुंच गया। इससे पहले 21 फरवरी को यह 75,311.06 अंक पर रहा था। इसी तरह नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (एनएसई) का निफ्टी 325.55 अंक यानी 1.45 प्रतिशत की तेजी के साथ 22,834.30 अंक हो गया।

कारोबार में सभी सेक्टोरल इंडेक्स बढ़त के साथ कारोबार करते रहे। इस दौरान बैंकिंग, आॅटोमोबाइल और मेटल सेक्टर के शेयरों में सबसे अधिक खरीदारी होती रही। इसी तरह पब्लिक सेक्टर एंटरप्राइज, रियल्टी, फार्मास्यूटिकल, आईटी, कैपिटल गुड्स, कंज्यूमर ड्यूरेबल, एफएमसीजी, हेल्थ केयर, आॅयल एंड गैस तथा टेक इंडेक्स भी मजबूती के साथ बंद हुए। ब्रॉडर मार्केट में भी आज लगातार खरीदारी होती रही, जिसके कारण बीएसई का मिडकैप इंडेक्स 2.10 प्रतिशत की तेजी के साथ बंद हुआ। इसी तरह स्मॉलकैप इंडेक्स ने 2.73 प्रतिशत की बढ़त के साथ आज के कारोबार का अंत किया।

शेयर बाजार में आई मजबूती के कारण स्टॉक मार्केट के निवेशकों की संपत्ति में 7 लाख करोड़ रुपये से भी अधिक का इजाफा हो गया। बीएसई में लिस्टेड कंपनियों का मार्केट कैपिटलाइजेशन आज के कारोबार के बाद बढ़ कर 400.02 लाख करोड़ रुपये (अस्थाई) हो गया। जबकि पिछले कारोबारी दिन यानी सोमवार को इनका मार्केट कैपिटलाइजेशन 392.80 लाख करोड़ रुपये था। इस तरह निवेशकों को आज के कारोबार से करीब 7.22 लाख करोड़ रुपये का फायदा हो गया।

बीएसई में 4,159 शेयरों में एक्टिव ट्रेडिंग हुई। इनमें 2,825 शेयर बढ़त के साथ बंद हुए, जबकि 1,210 शेयरों में गिरावट का रुख रहा, वहीं 124 शेयर बिना किसी उतार चढ़ाव के बंद हुए। एनएसई में आज 2,642 शेयरों में एक्टिव ट्रेडिंग हुई। इनमें से 2,122 शेयर मुनाफा कमा कर हरे निशान में और 520 शेयर नुकसान उठा कर लाल निशान में बंद हुए। इसी तरह सेंसेक्स में शामिल 30 शेयरों में से 26 शेयर बढ़त के साथ और 4 शेयर गिरावट के साथ बंद हुए। जबकि निफ्टी में शामिल 50 शेयरों में से 46 शेयर हरे निशान में और 4 शेयर लाल निशान में बंद हुए।

Share.
Leave A Reply

Exit mobile version