
रांची। रक्षा राज्यमंत्री संजय सेठ की अध्यक्षता में शुक्रवार को गेल इंडिया की ओर से आयोजित समीक्षा बैठक में झारखंड चेंबर के अध्यक्ष आदित्य मल्होत्रा शामिल हुए। बैठक के दौरान शहर में संचालित गैस पाइपलाइन और पीएनजी विस्तार परियोजनाओं की समीक्षा की गई। अधिक से अधिक घरों तक पीएनजी कनेक्शन पहुंचाने के लिए विशेष टास्क फोर्स के गठन और कार्यों में तेजी लाने पर चर्चा हुई। साथ ही यह सहमति बनी कि प्रत्येक माह झारखंड चेंबर और गेल इंडिया के बीच समीक्षा बैठक आयोजित की जाएगी। 29 मई को झारखंड चेंबर के नेतृत्व में होटल एसोसिएशन के सदस्यों और गेल इंडिया के अधिकारियों की संयुक्त बैठक आयोजित करने का भी निर्णय लिया गया।
झारखंड में प्रचुर मात्रा में कोल बेड मीथेन उपलब्ध: बैठक में चेंबर के अध्यक्ष आदित्य मल्होत्रा ने कहा कि झारखंड में प्रचुर मात्रा में कोल बेड मीथेन उपलब्ध है, जिसका लाभ राज्य और यहां के उद्योगों को मिलना चाहिए। उन्होंने कहा कि गैस की उपलब्धता और दरें उद्योगों और उपभोक्ताओं के लिए आकर्षक एवं प्रतिस्पर्धी होनी चाहिए। उन्होंने यह भी उल्लेख किया कि झारखंड में वर्तमान में पीएनजी पर 14 प्रतिशत वैट लागू है, जबकि पड़ोसी राज्य बिहार में इसकी दर अपेक्षाकृत कम है। इससे झारखंड में प्रतिस्पर्धात्मक असमानता उत्पन्न हो रही है।
इसलिए उद्योग हित और पीएनजी के व्यापक उपयोग को बढ़ावा देने के लिए राज्य सरकार के समक्ष वैट दर में कमी के लिए आवश्यक पहल किए जाने की जरूरत है। चेंबर अध्यक्ष ने गेल इंडिया से राज्य में कार्य निष्पादन के लिए वेंडरों की संख्या बढ़ाने का भी आग्रह किया। उन्होंने कहा कि वर्तमान में कार्यों की गति अत्यंत धीमी है, जिस कारण उद्योगों और उपभोक्ताओं को समय पर कनेक्शन एवं सेवाओं का लाभ नहीं मिल पा रहा है। उन्होंने यह भी सुझाया कि राज्य के सभी औद्योगिक क्षेत्रों को चरणबद्ध तरीके से पीएनजी नेटवर्क से जोड़ा जाए। बैठक में चेंबर के उप समिति चेयरमैन जसविंदर सिंह और सदस्य अजय भंडारी भी शामिल थे।
