
पटना। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने शनिवार को जदयू के कार्यकारी राष्ट्रीय अध्यक्ष व पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार से एक अणे मार्ग जाकर भेंट की। इस मुलाकात के बाद मंत्रिमंडल विस्तार की अटकलें तेज हो गयी हैं। जदयू के वरिष्ठ नेता व केंद्रीय मंत्री राजीव रंजन सिंह उर्फ ललन सिंह भी इस दौरान मौजूद थे। हाल ही में जब सम्राट चौधरी दिल्ली में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मिलकर लौटे थे तो उसी दिन उन्होंने जदयू के कार्यकारी राष्ट्रीय अध्यक्ष नीतीश कुमार से भेंट की थी। सम्राट चौधरी की सरकार ने शुक्रवार को विधानसभा में विश्वासमत हासिल किया था।विश्वासमत हासिल करने के अगले ही दिन उन्होंने नीतीश कुमार से एक अणे मार्ग में जाकर भेंट की। पूर्व में यह चर्चा थी कि विश्वासमत हासिल करने के बाद किसी भी दिन मंत्रिमंडल का विस्तार संभव है। उप मुख्यमंत्री विजय चौधरी ने भी इसे स्वाभाविक बताया था।मंत्रियों के नाम तय : जानकारी के अनुसार, भाजपा व जदयू कोटे के मंत्रियों के नाम लगभग तय हैं। अन्य घटक दलों से भी नाम पूर्व से ही तय हैं। नीतीश कुमार की सहमति से शपथ ग्रहण की तारीख तय होते ही मामला आगे बढ़ेगा। अभी भाजपा कोटे के सभी विभागों का कार्यभार मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के जिम्मे है। वहीं, जदयू कोटे के विभागों का जिम्मा उसके दो उप मुख्यमंत्रियों के पास है। नई सरकार के गठन के बाद राज्य कैबिनेट की दो बैठक हो चुकी है। जो निर्णय लिए गए हैं उनके क्रियान्वयन की गति तेज किए जाने को ले विभागों का काम रफ्तार पकड़ेगा।
