रांची। पुलिस मुख्यालय के सभागार में बुधवार को गृह कारा एवं आपदा प्रबंधन विभाग की अपर मुख्य सचिव वंदना दादेल व डीजीपी तदाशा मिश्रा ने संयुक्त रूप से सभी वरिष्ठ अधिकारियों के साथ राज्य स्तरीय समीक्षा बैठक की। यह समीक्षा बैठक डीजीपी-आइजीपी सम्मेलन 2025 के मद्देनजर की गई थी। गृह सचिव व डीजीपी ने अधिकारियों को यह निर्देश दिया है कि सभी एसपी गिरफ्तारी केंद्रित पुलिसिंग के बजाय पुख्ता जांच पर ध्यान केंद्रित करें। नए आपराधिक कानून का शत-प्रतिशत अनुपालन सुनिश्चित करें, बीट पुलिसिंग व सामुदायिक सहभागिता पर बल दें।

सभी एसपी क्षेत्रीय, जिला व थाना स्तर पर सम्मेलन आयोजित करें, ताकि उसके नए परिणाम आएं। माओवादी प्रभावित जिलों में युवा सहभागिता, खेल व संस्कृति पर ध्यान केंद्रित करें, इंटरनेट मीडिया प्लेटफार्म के माध्यम से पुलिस के अच्छे कार्यों का प्रचार-प्रसार करें। सभी पुलिस अधिकारियों को खुफिया जानकारी जुटाने व जांच के लिए नेशनल इंटेलिजेंस ग्रिड (नेटग्रिड), नेशनल आटोमेटेड फिंगरप्रिंट आडेंटिफिकेशन सिस्टम (नेफिस), क्राइम एंड क्रिमिनल ट्रैकिंग नेटवर्क एंड सिस्टम, ई-कोर्ट व एआइ विश्लेषण का प्रभावी उपयोग करें। सभी जिलों में मादक पदार्थों के नेटवर्क, साइबर धोखाधड़ी व इंटरनेट मीडिया के दुरुपयोग पर आम जनता को जागरूक करने के लिए प्रचार-प्रसार करें। भारत सरकार के आइ-गाट पोर्टल पर सभी अनुसंधानकर्ता के प्रशिक्षण की प्रगति का आकलन करते हुए प्रशिक्षण प्राप्त करें।

संबंधित पुलिस अधिकारी टूरिस्ट पालिसी के अंतर्गत पर्यटक एवं पुलिस के बीच आपसी समन्वय स्थापित कर उनकी सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित कराएं।

सभी अनुसंधानकर्ता ई-साक्ष्य एप का शत प्रतिशत अनुपालन करें। गृह सचिव व डीजीपी ने कहा कि अफीम की खेती को लेकर एंटी ड्रग स्ट्रेटजी की रूपरेखा तैयार कर आम जनता को अफीम के दुष्प्रभाव को लेकर व्यापक रूप से जागरूक करने के लिए अभियान चलाएं।

पोक्सो एक्ट, अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति अत्याचार निवारण अधिनियम के अंतर्गत दर्ज कांड तथा माओवादियों के आत्मसमर्पण पुनर्वास नीति के शत-प्रतिशत क्रियान्वयन की अद्यतन स्थिति की समीक्षा करें। महिला सुरक्षा से संबंधित सभी प्रकार के अपराध के मद्देनजर वांछित कार्रवाई करें।

बैठक में ये रहे मौजूद : पुलिस मुख्यालय के सभागार में गृह सचिव वंदना दादेल, डीजीपी तदाशा मिश्रा, एडीजी अभियान टी. कदसामी, आईजी मानवाधिकार सह डीजीपी-आइजीपी सम्मेलन सचिव क्रांति कुमार गडिदेशी, झारखंड पुलिस अकादमी हजारीबाग के निदेशक अखिलेश कुमार झा, आईजी विशेष शाखा प्रभात कुमार सहित तमाम पुलिस अधिकारी मौजूद रहे। वहीं वीडियो कांफ्रेंसिंग से सभी जोनल आईजी, रेंज डीआईजी, सभी एसएसपी, एसपी उपस्थित रहे।

Share.
Leave A Reply

Exit mobile version