
रांची। उपायुक्त मंजूनाथ भजंत्री की अध्यक्षता में गुरुवार को जिला अस्पताल प्रबंधन समिति (शासी निकाय) की बैठक हुई। सदर अस्पताल को और अधिक आधुनिक, सुविधायुक्त और रोगियों के अनुकूल बनाने के लिए कई निर्णय लिया गया। अस्पताल में पीईटी स्कैन सुविधा शुरू करने के लिए उपयुक्त स्थान का चयन कर लिया गया। साथ ही 24 घंटे सातों दिन रेडियोलॉजी सेवाओं को मंजूरी दी गई। इससे गंभीर रोगियों को अब जिला स्तर पर ही उच्च स्तरीय जांच सुविधा उपलब्ध हो सकेगी और उन्हें बाहर जाने की जरूरत नहीं पड़ेगी।
बैठक में प्रखंडों से रक्त नमूना संग्रहण और उसे सदर अस्पताल तक सुरक्षित परिवहन की व्यवस्था को स्वीकृति दी गई। इससे ग्रामीण क्षेत्रों के मरीजों को बेहतर और समयबद्ध जांच रिपोर्ट मिल सकेगी। मुख्यमंत्री रख-रखाव योजना के अंतर्गत अस्पताल के भवनों और संरचना के रखरखाव को प्राथमिकता से लागू करने का निर्णय लिया गया।
उपायुक्त ने सभी संबंधित विभागों और अधिकारियों को सभी स्वीकृत कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर उच्च गुणवत्ता के साथ जल्द पूरा करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि सदर अस्पताल पूरे जिले के लिए महत्वपूर्ण स्वास्थ्य सेवा केंद्र है। यहां दी जाने वाली सेवाओं में निरंतर सुधार लाना जिला प्रशासन की प्राथमिकता है। साथ ही पीईटी स्कैन और 24 घंटे सातों दिन रेडियोलॉजी की सुविधा, बेहतर ब्लॉक-लेवल कनेक्टिविटी और रखरखाव व्यवस्था से आमजन को गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं सुलभ होंगी।
सुबह 09 बजे से शाम 07 बजे तक होगा अल्ट्रासाउंड : सदर अस्पताल में अब अल्ट्रासाउंड जांच की सुविधा को और अधिक सुविधाजनक बनाने के लिए दो पालियों में शुरू कर दिया गया है। अब मरीज सुबह 09 बजे से शाम 07 बजे तक अल्ट्रासाउंड जांच करा सकते हैं। इससे मरीजों को लंबे समय तक इंतजार नहीं करना पड़ेगा और समय पर जांच हो सकेगी।
अब मेमोग्राफी जांच की भी सुविधा : सदर अस्पताल में अब मेमोग्राफी जांच भी उपलब्ध हो गई है। सरकार की ओर से अनुमोदित दर पर यह जांच शुरू कर दी गई है, जिससे महिलाओं को स्तन संबंधी बीमारियों की समय पर और सस्ती जांच की सुविधा मिल सकेगी।
इसके अलावा, सदर अस्पताल में बने आधुनिक आॅडिटोरियम का किराया निर्धारित कर दिया गया है। इसके अलावा अस्पताल में 06 आॅपरेशन थिएटर (ओटी) शुरू कर दिए गए हैं। ये सभी ओटी दो पालियों में कार्यरत हैं, जिससे अधिक से अधिक आॅपरेशन समय पर किए जा सकें। इससे आपातकालीन और नियमित सर्जरी दोनों में तेजी आएगी और मरीजों को बेहतर इलाज मिल सकेगा। इन सभी सुविधाओं के साथ सदर अस्पताल को अब पूर्ण वाई-फाई जोन बना दिया गया है। पूरे अस्पताल परिसर में अब तेज और निर्बाध इंटरनेट सुविधा उपलब्ध है। इससे डॉक्टरों, नर्सिंग स्टाफ और अन्य स्वास्थ्यकर्मियों को मेडिकल रिकॉर्ड्स अपडेट करने, आॅनलाइन रिपोर्ट्स देखने और बेहतर समन्वय बनाने में काफी आसानी होगी।
उपायुक्त ने सदर अस्पताल का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने अस्पताल परिसर, ओपीडी सहित अन्य विभागों का विस्तृत जायजा लिया। साथ ही उन्होंने दवाओं की उपलब्धता, मरीजों को मिल रही सुविधाओं, डॉक्टर और स्टाफ की उपस्थिति और मेडिकल उपकरणों की कार्यप्रणाली की भी समीक्षा की।
