धनबाद (झारखंड): झारखंड के धनबाद जिले में मुहर्रम जुलूस के मार्ग में परिवर्तन को लेकर दो गुटों के बीच झड़प में कम से कम छह लोग घायल हो गए। पुलिस ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी।

यह घटना बुधवार रात वासेपुर के पांडरपाला इलाके में हुई। उसने बताया कि पुलिस ने कानून एवं व्यवस्था की स्थिति बनाए रखने के लिए क्षेत्र में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की संबंधित धाराओं के तहत निषेधाज्ञा लागू कर दी है। किसी भी अप्रिय घटना को रोकने के लिए सुरक्षा भी बढ़ा दी गई है।

धनबाद के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक एच.पी. जनार्दन ने बताया कि मुहर्रम जुलूस के मार्ग में परिवर्तन के कारण झड़प हुई।

आयोजकों ने दावा किया कि जलभराव के कारण मार्ग बदलना पड़ा।

एसएसपी ने बताया कि पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रण में लाया गया। उन्होंने कहा कि आगे की जांच जारी है।

Share.
Leave A Reply

Exit mobile version