
न्यूयॉर्क। न्यूयॉर्क में पर्यटन में इस्तेमाल होने वाला एक हेलीकॉप्टर बृहस्पतिवार को उड़ान के दौरान हवा में ही टूटकर दोफाड़ हो गया और हडसन नदी में जा गिरा जिससे उसमें सवार पायलट और स्पेन के पांच पर्यटकों की मौत हो गई।
जांच से जुड़े एक अधिकारी ने ‘एसोसिएटेड प्रेस’ को बताया कि मृतकों में पायलट के अलावा जानी मानी कंपनी सीमेंस के कार्यकारी अधिकारी ऑगस्टिन एस्कोबार, उनकी पत्नी मर्स कैम्परुबी मोंटाल और तीन बच्चे शामिल हैं।
हेलीकॉप्टर कंपनी की वेबसाइट पर जारी की गई तस्वीरों में दंपति और उनके बच्चे हेलीकॉप्टर में सवार होते समय मुस्कुराते हुए दिखाई दे रहे हैं। न्यूयॉर्क के मेयर एरिक एडम्स ने कहा कि शवों को पानी से निकाल लिया गया है।
हेलीकॉप्टर ने मैनहट्टन में उत्तर की ओर और फिर ‘स्टैच्यू ऑफ लिबर्टी’ की ओर 18 मिनट से भी कम समय तक उड़ान भरी। दुर्घटना के कुछ वीडियो सामने आए हैं जिनमें हेलीकॉप्टर के कुछ हिस्से हवा में उछलकर जर्सी सिटी, न्यू जर्सी के तट के पास पानी में गिरते हुए दिखाई दिए।
