
समस्तीपुर। स्वतंत्रता सेनानी एक्सप्रेस के एसी फर्स्ट कूपे से करीब डेढ़ लाख रुपये मूल्य की विदेशी शराब के साथ गिरफ्तार नेहा झा के मामले की जांच अब रेलवे की विशेष जांच टीम (एसआईटी) करेगी। मामले की गंभीरता को देखते हुए मुजफ्फरपुर रेल एसपी वीणा कुमारी ने एसआईटी का गठन किया है। शराब तस्करी के इस कथित नेटवर्क की जांच की जिम्मेदारी समस्तीपुर के नए रेल डीएसपी को सौंपी गई है।
उनके नेतृत्व वाली टीम में समस्तीपुर रेल थानाध्यक्ष भी शामिल रहेंगे। पुलिस को अब तक मिले इनपुट के आधार पर नेहा के परिवार के कुछ सदस्यों के पूर्व में शराब से जुड़े मामलों में गिरफ्तार होने की जानकारी सामने आई है।
ऐसे में एसआईटी अब मामले को केवल बरामद शराब और दो आरोपितों की गिरफ्तारी तक सीमित नहीं रखेगी। टीम नेहा के शराब कारोबार से कथित जुड़ाव, उसके संपर्कों, शराब की सप्लाई करने वालों और नेटवर्क में शामिल अन्य लोगों की भूमिका की पड़ताल करेगी। यह भी पता लगाया जाएगा कि शराब कहां से लाई गई थी और इसे कहां पहुंचाया जाना था।
एसी फर्स्ट कूपे से हुई थी गिरफ्तारी
गौरतलब है कि शुक्रवार रात नई दिल्ली से दरभंगा जा रही स्वतंत्रता सेनानी एक्सप्रेस में संयुक्त कार्रवाई के दौरान नेहा झा को शराब के साथ गिरफ्तार किया गया था।
