देवघर। राजकीय श्रावणी मेला 2026 की तैयारियों को लेकर सोमवार को देवघर परिसदन सभागार में उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता नगर विकास, पर्यटन, कला-संस्कृति, खेलकूद एवं युवा कार्य विभाग के मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू ने की। इस दौरान मेला क्षेत्र में चल रहे विकास कार्यों, सुरक्षा व्यवस्था, यातायात प्रबंधन और श्रद्धालुओं की सुविधाओं की विभागवार समीक्षा की गई। अधिकारियों ने मंत्री को तैयारियों की अद्यतन जानकारी दी और मेला क्षेत्र में किए जा रहे इंतजामों से अवगत कराया।

मंत्री ने कहा कि 31 जुलाई से शुरू होने वाले राजकीय श्रावणी मेला को सफल बनाने के लिए सभी विभाग निर्धारित समय सीमा के भीतर अपनी तैयारियां पूरी कर लें। उन्होंने स्पष्ट किया कि मेला अवधि के दौरान VIP और VVIP के आउट ऑफ टर्न दर्शन पर पूरी तरह रोक रहेगी। किसी भी विशेष श्रेणी के व्यक्ति को आम श्रद्धालुओं से अलग प्राथमिकता नहीं दी जाएगी। इसका उद्देश्य सभी श्रद्धालुओं को समान और सुगम दर्शन व्यवस्था उपलब्ध कराना है।

श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुविधा को ध्यान में रखते हुए इस बार आधुनिक तकनीकों का व्यापक उपयोग किया जाएगा। फेस रिकग्निशन सिस्टम, एआई आधारित इंटीग्रेटेड कंट्रोल रूम, एआई चैटबॉट हेल्पलाइन, डिजिटल सूचना केंद्र और एआई आधारित ट्रैफिक मैनेजमेंट सिस्टम की व्यवस्था की जाएगी। साथ ही स्वास्थ्य केंद्र, ट्रैफिक ओपी, सहायता केंद्र, मातृत्व केंद्र, टेंट सिटी, पेयजल, शौचालय और सफाई व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ करने के निर्देश दिए गए हैं।

मंत्री ने गर्मी से राहत के लिए मिस्ट कूलिंग सिस्टम और इंद्र वर्षा उपकरणों की संख्या बढ़ाने का निर्देश दिया। वहीं सुरक्षा के मद्देनजर डबल डेकर ट्रैक्टर-ट्रॉली और संशोधित वाहनों के प्रवेश पर पूर्ण प्रतिबंध लगाने का फैसला लिया गया है। इसके अलावा देवघर-बासुकीनाथ फोरलेन परियोजना, पार्किंग, भीड़ नियंत्रण और यातायात व्यवस्था की भी विस्तृत समीक्षा की गई। अधिकारियों को मेला शुरू होने से पहले सभी आवश्यक कार्य पूरा करने के निर्देश दिए गए हैं।

Share.
Leave A Reply

Exit mobile version