
जमशेदपुर। झारखंड में पहली बार ट्रांसजेंडर समुदाय अपने बधाई देने की परंपरा को छोड़कर खेल में अपना दमखम दिखाने के लिए मैदान में उतरे। रविवार को जमशेदपुर में पहली बार किन्नरों ने फुटबॉल में अपना दमखम दिखाया और साबित किया कि वे किसी भी क्षेत्र में पीछे नहीं हैं।
जमशेदपुर में इतिहास रचते हुए किन्नर समुदाय ने अपनी पारंपरिक पहचान से अलग हटकर खेल के मैदान में अपनी नई पहचान बनाई। रानी कुदर स्थित फुटबॉल मैदान में रविवार की शाम जमशेदपुर किन्नर ए टीम और चाईबासा किन्नर बी टीम के बीच फुटबॉल मुकाबला खेला गया। झमाझम बारिश के बीच हुए इस मुकाबले ने मैदान में मौजूद सभी दर्शकों का दिल जीत लिया। इस दौरान किन्नरों के हौसला बढ़ाने के विधायक मंगल कालिंदी भी पहुंचे।
किन्नर समुदाय की प्रमुख साध्वी अमरजीत सिंह ने कहा कि हम लोग हमेशा बधाई कार्यक्रम में जाते हैं या चौक-चौराहों पर मांगते हैं, लेकिन पहली बार हमने खेल जगत में कदम रखा है। हमारी कोशिश है कि किन्नर समुदाय की प्रतिभा खेलों में भी निखरे और झारखंड से आगे अन्य राज्यों तक किन्नरों के बीच खेल प्रतियोगिता हो।
विधायक मंगल कालिंदी ने कहा कि हमें खुशी है कि किन्नर समुदाय की रुचि खेलों में भी बढ़ रही है। झारखंड सरकार इस दिशा में गंभीर है और उन्हें हरसंभव सुविधा दिलाने का प्रयास कर रही है। यह आयोजन एसजीबी और उत्थान संस्था की ओर से कराया गया। खिलाड़ियों के लिए ड्रेस, जूते, फुटबॉल और अन्य सभी आवश्यक सामग्री की व्यवस्था आयोजकों ने ही की थी।
