
रांची। प्रदेश कांग्रेस के महासचिव अजयनाथ शाहदेव गुरुवार को औपचारिक तौर पर भाजपा में शामिल हो जाएंगे। हटिया से वर्तमान भाजपा विधायक नवीन जायसवाल (Naveen Jaiswal) को पार्टी बगल की सीट रांची (Ranchi Assembly Seat) में शिफ्ट कर रही है। रांची से भाजपा विधायक सीपी सिंह (BJP MLA CP Singh) को इस बार टिकट नहीं मिलने की संभावना है।
अजयनाथ शाहदेव पहले भी भाजपा में रह चुके हैं, लेकिन 2014 के बाद वो दोबारा कांग्रेस में चले गए थे। इसके साथ ही भाजपा के संसदीय बोर्ड ने सभी सीटों पर प्रत्याशी के नाम फाइनल कर लिए हैं। उम्मीद है कि गुरुवार को भाजपा केंद्रीय कार्यालय से करीब 55 प्रत्याशियों के नाम की घोषणा कर दी जाएगी। रांची लोकसभा के कांके विधानसभा में भाजपा अपने मौजूदा विधायक समरी लाल को बेटिकट कर सकती है। इनकी जगह कमलेश राम को टिकट दिए जाने की चर्चा है, जबकि खिजरी से रामकुमार पाहन और आरती कुजूर के नाम पर बातें हो रही हैं।
संताल परगना की सबसे चर्चित सीट माने जानेवाली मधुपुर विधानसभा (Madhupur Vidhan Sabha Seat) में भाजपा फिर से गंगा नारायण सिंह को टिकट दे सकती है। यहां से पूर्व विधायक राज पलिवार भी टिकट की उम्मीद लगाए बैठे हैं। दुमका सीट (Dumka Seat) से पूर्व सांसद सुनील सोरेन को टिकट मिल सकता है।
JDU को मिला गैस सिलेंडर चुनाव चिह्न
जदयू को झारखंड में विधानसभा चुनाव के लिए गैस सिलेंडर चुनाव चिह्न (JDU Jharkhand Election Symbol) आवंटित किया गया है। इस संबंध में भारत निर्वाचन आयोग का पत्र पार्टी कार्यालय को मिला गया है। झारखंड प्रदेश जेडीयू के प्रदेश महासचिव सह मुख्यालय प्रभारी श्रवण कुमार ने इसकी जानकारी देते हुए कहा कि पार्टी विधानसभा चुनाव आयोग द्वारा आवंटित गैस सिलेंडर चुनाव चिह्न से चुनाव लड़ेगी। प्रदेश पार्टी को पिछले विधानसभा चुनाव में ट्रैक्टर चुनाव चिह्न आवंटित हुआ था।
