
रांची । खेलगांव थाना क्षेत्र स्थित ट्रिपल आईटी (IIIT) परिसर से एक दुखद और सनसनीखेज मामला सामने आया है. संस्थान के हॉस्टल में रहकर पढ़ाई कर रहे फर्स्ट ईयर के एक छात्र ने अपने कमरे में फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली. मृत छात्र की पहचान बिहार के पूर्णिया जिले के रहने वाले आदित्य के रूप में हुई है. घटना के बाद हॉस्टल परिसर में अफरा-तफरी मच गई. आक्रोशित छात्रों ने संस्थान प्रबंधन के खिलाफ मोर्चा खोलते हुए आरोप लगाया कि अगर कैंपस में समय पर आपातकालीन मेडिकल सुविधा मिलती तो छात्र की जान बचाई जा सकती थी।
घटनाक्रम के अनुसार, शनिवार की देर रात तक जब आदित्य के कमरे का दरवाजा अंदर से बंद रहा और कोई हलचल नहीं हुई, तो उसके दोस्तों को किसी अनहोनी की आशंका हुई. दोस्तों ने बार-बार दरवाजा खटखटाया, लेकिन अंदर से कोई आवाज नहीं आई. इसके बाद छात्रों ने किसी तरह कमरे का दरवाजा तोड़ा। अंदर दाखिल होते ही सब सन्न रह गए। आदित्य फंदे से झूल रहा था. छात्रों ने तुरंत उसे फंदे से नीचे उतारा और नजदीकी निजी अस्पताल ले गए, जहाँ डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
आदित्य की मौत की खबर फैलते ही हॉस्टल में रह रहे अन्य छात्र आक्रोशित हो गए और रात में ही प्रबंधन के खिलाफ प्रदर्शन शुरू कर दिया. प्रदर्शनकारी छात्रों का कहना था कि कैंपस के भीतर जरूरी प्राथमिक चिकित्सा और त्वरित मेडिकल सुविधाओं का भारी अभाव है। छात्रों का आरोप है कि अगर अस्पताल ले जाने और प्राथमिक उपचार में देर न होती, तो शायद उनके साथी की जान बच सकती थी।
फोरेंसिक टीम ने सील किया कमरा : घटना की सूचना मिलते ही खेलगांव थाना पुलिस और फोरेंसिक विभाग की टीम मौके पर पहुंची और मामले की पड़ताल शुरू की. फोरेंसिक टीम ने साक्ष्य जुटाने के लिए आदित्य के हॉस्टल रूम को सील कर दिया है. पुलिस के अनुसार, शुरुआती तलाशी में कमरे से कोई सुसाइड नोट बरामद नहीं हुआ है। पुलिस इस बात की जांच कर रही है कि क्या छात्र पढ़ाई के तनाव (मेंटल प्रेशर) में था या आत्महत्या के पीछे कोई अन्य पारिवारिक/व्यक्तिगत वजह थी। परिजनों को सूचित कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।

