
रांची। झामुमो के संस्थापक और पूर्व मुख्यमंत्री शिबू सोरेन की तबीयत स्थिर बनी हुई है। 81 वर्षीय दिशोम गुरु दिल्ली के सर गंगाराम अस्पताल में भर्ती हैं, जहां वरीय चिकित्सकों का दल उनकी देखरेख कर रहा है।
गुरुवार को राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने अस्पताल पहुंचकर उनके स्वास्थ्य की जानकारी ली थी और उनके शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की। इस दौरान उन्होंने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से मुलाकात कर उनकी स्थिति और इलाज पर चर्चा की।
मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन, उनकी पत्नी और गांडेय विधायक कल्पना सोरेन, दुमका विधायक बसंत सोरेन दिल्ली में मौजूद हैं। शुक्रवार को राज्य के स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी भी शिबू सोरेन का हालचाल लेने दिल्ली पहुंचे। शिबू सोरेन को किडनी की गंभीर समस्या है।
उनकी स्थिति की गंभीरता को देखते हुए न्यूरोलाजी, कार्डियोलाजी और नेफ्रोलाजी के विशेषज्ञ चिकित्सकों की एक टीम उनकी देखभाल कर रही है। गुरुजी की अस्वस्थता के कारण हेमंत सोरेन शुक्रवार को रांची में आयोजित होने वाली रथयात्रा में शामिल नहीं हो सके।
हेमंत सोरेन ने इसका उल्लेख करते हुए एक्स पर पोस्ट किया कि महाप्रभु भगवान जगन्नाथ जी की रथयात्रा का ऐतिहासिक और पावन महापर्व होता है। हर साल मैं वहां उपस्थित होता था। अभी बाबा दिशोम गुरुजी अस्वस्थ हैं, इसलिए मैं रथयात्रा में शामिल नहीं हो पाया हूं।
भगवान जगन्नाथ से प्रार्थना करता हूँ कि वे जल्द से जल्द स्वस्थ होकर हम सभी के बीच आएं और हमेशा की तरह अपना आशीर्वाद बनाएं रखें। भगवान जगन्नाथ सभी का कल्याण करें।
