हजारीबाग: झारखंड के हजारीबाग जिले में सीसीएलकर्मी मंगलेश पाल उर्फ हैप्पी की हत्या के मामले में पुलिस ने बड़ा खुलासा किया है। गिद्दी थाना क्षेत्र में हुई इस वारदात में मृतक की पत्नी सोनाली, उसके प्रेमी कौशिक कुमार और एक नाबालिग सहयोगी की संलिप्तता सामने आई है। पुलिस ने घटना के 24 घंटे के भीतर आरोपियों को गिरफ्तार कर हत्या में इस्तेमाल हथियार समेत कई अहम साक्ष्य बरामद किए हैं।

लूटपाट की घटना का दिया गया था रूप

पुलिस के अनुसार, 18 अक्टूबर को गिद्दी थाना क्षेत्र स्थित सीसीएलकर्मी मंगलेश पाल उर्फ हैप्पी के घर में धारदार हथियार से उनकी हत्या कर दी गई थी। शुरुआती सूचना में बताया गया था कि अज्ञात अपराधियों ने लूटपाट के दौरान उनकी पत्नी के हाथ-पैर और मुंह बांधकर वारदात को अंजाम दिया। घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने विशेष जांच टीम (एसआईटी) का गठन किया।

पूछताछ में पत्नी ने कबूला अपराध

जांच के दौरान तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने मृतक की पत्नी सोनाली को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पुलिस का दावा है कि पूछताछ में सोनाली ने अपने प्रेमी कौशिक कुमार और एक नाबालिग सहयोगी के साथ मिलकर पति की हत्या करने की बात स्वीकार की। वारदात के बाद खून के निशान मिटाने के लिए घर की सफाई करने की कोशिश भी की गई थी।

हथियार और जले हुए मोबाइल बरामद

आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने हत्या में इस्तेमाल धारदार हथियार, चाकू, खून लगे कपड़े और चप्पल बरामद किए हैं। इसके अलावा मृतक और उसकी पत्नी के जले हुए मोबाइल फोन भी पुलिस ने जब्त किए हैं। इन साक्ष्यों के आधार पर मामले की आगे जांच की जा रही है।

नौकरी और प्रेम संबंध को लेकर हत्या की आशंका

पुलिस की प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि कथित तौर पर नौकरी का लाभ पाने और अपने प्रेमी से शादी करने की मंशा से इस वारदात को अंजाम दिया गया। पुलिस मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही है।

इस हत्याकांड के खुलासे के बाद इलाके में सनसनी फैल गई है। पुलिस आगे की कानूनी कार्रवाई में जुटी है।

Share.
Leave A Reply

Exit mobile version