
पटना। बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने बुधवार को पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार से मुलाकात की। नीतीश कुमार के आवास पर करीब 20 मिनट तक दोनों के बीच बातचीत हुई। सम्राट चौधरी ने कहा कि हमने नीतीश कुमार को बधाई दी। प्रधानमंत्री मोदी के निर्देश पर हमने नीतीश कुमार को यहां आकर बधाई दी है।



मुलाकात के दौरान डिप्टी सीएम विजय कुमार चौधरी भी मौजूद थे। सीएम सम्राट चौधरी जब नीतीश कुमार को जानकारी दे रहे थे, तब जेडीयू सुप्रीमो के चेहरे पर मुस्कान दिखाई दे रही थी। मुख्यमंत्री ने कहा कि हमने नीतीश कुमार को बताया कि आपने गंगा को लेकर जो आपने एक अभियान चला था, वह सफल हुआ है। दिल्ली में इस पर एक बड़ा समझौता हो गया है। अब गंगा सहित अन्य नदियों से गाद निकाली जाएगी। इससे बिहार में जो बाढ़ की स्थिति होती है, उसे नियंत्रित किया जा सकेगा।
सम्राट चौधरी ने कहा कि हम संगठित अपराध को खत्म करने की दिशा में आगे बढ़ रहे हैं। बिहार में लगातार सुशासन पर काम किया जा रहा है। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने कहा कि पटना में डाटा सेंटर बनकर तैयार हो गया है। ये सबसे बड़ी बात है। 2024 में जब हम लोग चुनकर सरकार में आए थे, तब हम लोगों ने डाटा सेंटर के लिए जमीन उपलब्ध कराई थी। कंट्रोल एस नाम का उद्घाटन भी किया था। तो यहां डाटा सेंटर का भी काम चल रहा है।

