
कीव। रूस ने बुधवार-गुरुवार की रात यूक्रेन पर बड़ा हवाई हमला किया। मिसाइल और ड्रोन से किए इस हमले में नौ लोग मारे गए जबकि 50 से ज्यादा घायल हुए हैं, पांच बच्चे लापता हैं। सबसे ज्यादा छह लोग निप्रोपेट्रोव्स्क में मारे गए हैं जिनमें तीन बच्चे हैं। बताया गया है कि हमले में रूस ने यूक्रेन के हथियारों खासतौर से ड्रोन के निर्माण के ठिकानों को निशाना बनाया है जिनसे किए जा रहे हमलों से रूस को भारी नुकसान उठाना पड़ रहा है।
रूस ने यह हमला यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमीर जेलेंस्की के अमेरिका के दौरे के दो दिन बाद किया है। जेलेंस्की ने अपने दौरे में राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के साथ ही हथियारों का उत्पादन करने वाली कंपनियों के प्रतिनिधियों से मिलकर उनसे एयर डिफेंस सिस्टम के लिए मिसाइलों की मांग की थी।
ताजा हमलों में यूक्रेन की राजधानी कीव में एक आदमी की मौत हुई है और दो लोग घायल हुए हैं जबकि लवीव शहर में क्रूज मिसाइल के हमले में 34 लोग घायल हुए हैं। पोल्टावा में एक कंपनी के गोदाम पर हमले में एक व्यक्ति की मौत हुई है। रूस ने हमलों में 80 मिसाइलों और 280 ड्रोन का इस्तेमाल किया। रूस के रक्षा मंत्रालय ने बताया है कि इन हमलों में यूक्रेनी वायुसेना के अड्डों, हथियार कारखानों-गोदामों, सैन्य संचार व्यवस्था और आपूर्ति व्यवस्था को निशाना बनाया गया।
जबकि जेलेंस्की ने कहा है कि रूस 10 इलाकों पर हमले कर नागरिक आवासों, सुविधाओं और कारोबार को नुकसान पहुंचाया है। कहा कि युद्ध में पहली बार रूस ने उत्तर कोरिया की बैलेस्टिक मिसाइल का इस्तेमाल किया है।
यूक्रेन के खाद्यान्न निर्यात टर्मिनल को नुकसान : यूक्रेन के ड्रोन हमले में कर्च स्ट्रेट में स्थित रूस के खाद्यान्न निर्यात टर्मिनल को नुकसान हुआ है। यह रूस के बड़े खाद्यान्न निर्यात ठिकानों में से एक है। इस टर्मिनल का संचालन रूसी कंपनी देमेत्रा करती है। इस टर्मिनल की क्षमता 50 लाख टन खाद्यान्न निर्यात करने की है। यूक्रेन ने रूस पर अपने ताजा हमले में पेंजा क्षेत्र में स्थित आनलाइन कंपनी वाइल्डबेरीज के गोदाम को भी निशाना बनाया है। इससे कंपनी के गोदाम में आग लग गई और एक व्यक्ति घायल हुआ है। इसके अतिरिक्त यूक्रेन से एक हजार किलोमीटर दूर स्थित सारापुल में स्थित कंपनी के गोदाम को निशाना बनाया गया है। इससे गोदाम में आग लग गई लेकिन कोई जनहानि नहीं हुई है। रूसी न्यूज एजेंसी अस्त्रा के अनुसार यूक्रेन ने वाइल्डबेरीज के पर्न और यूराल स्थित गोदामों को भी निशाना बनाया है। यूक्रेन का आरोप है कि कंपनी ड्रोन निर्माण में काम आने वाले उपकरणों की रूसी हथियार कंपनियों को आपूर्ति करती है। यूक्रेनी हमलों में रूस के चार और जहाजों को नुकसान होने की सूचना है।
