
कीव। यूक्रेन की राजधानी कीव पर शनिवार तड़के रूसी बैलिस्टिक मिसाइलों के एक और बड़े हमले में कम से कम नौ लोगों की मौत हो गई और चार बच्चों सहित 28 अन्य घायल हो गए। यूक्रेनी अधिकारियों के अनुसार, पिछले 48 घंटों में कीव पर यह दूसरा बड़ा हमला है।यूक्रेन की राज्य आपातकालीन सेवा के अनुसार, इन हमलों से शहर के कई जिलों में आवासीय इमारतों, गोदामों और वाणिज्यिक प्रतिष्ठानों को भारी नुकसान पहुंचा है। कई स्थानों पर इमारतें ढहने से लोग मलबे में दब गए और कई जगह आग लग गई। हमले के बाद बचाव दल प्रभावित इमारतों में फंसे लोगों की तलाश में जुटा है। हाल के दिनों में बढ़े हवाई हमलों के बीच यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमिर जेलेंस्की ने पश्चिमी देशों से उन्नत हवाई रक्षा प्रणाली उपलब्ध कराने की अपील दोहराई है।कीव के मेयर विताली क्लिचको ने टेलीग्राम पर बताया कि सोलोमियांस्की जिले में पांच मंजिला एक रिहायशी इमारत मलबा गिरने से क्षतिग्रस्त हो गई। यूक्रेन की राज्य आपातकालीन सेवा के अनुसार, बचावकर्मियों ने इमारत की ऊपरी मंजिलों से 35 लोगों को सुरक्षित निकाला। इस इमारत में दो लोगों की मौत हुई, जबकि दो बच्चों सहित आठ लोग घायल हुए हैं।राजधानी के डारनित्स्की जिले में हमले के कारण मकानों, वाहनों, एक प्रशासनिक भवन और अन्य गैर-रिहायशी इमारतों को नुकसान पहुंचा। राज्य आपातकालीन सेवा के मुताबिक, इस इलाके में सात लोगों की मौत हुई और 14 अन्य घायल हो गए। वहीं, शेवचेंकिव्स्की जिले में आपातकालीन कर्मियों ने एक गैर-रिहायशी इमारत में लगी आग पर काबू पाया। हालांकि, पहले आई उन खबरों पर कोई नई जानकारी नहीं दी गई, जिनमें एक अन्य रिहायशी इमारत में लोगों के फंसे होने की बात कही गई थी। शहर के दो अन्य जिलों में भी व्यावसायिक और रिहायशी इमारतों को नुकसान पहुंचने की सूचना है।
