रांची। झारखंड विधानसभा के मानसून सत्र के दूसरे दिन शुक्रवार को भी जेपीएससी और जेएसएससी भर्ती परीक्षा में अनियमिताओं का मुद्दा छाया है।सदन की कार्यवाही शुरू होते ही नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी ने जेपीएससी-जेएसएससी की विवादित परीक्षाओं को रद कर अदालत की निगरानी में सीबीआई जांच की मांग उठाई।

जवाब में मंत्री सुदिव्य कुमार ने विपक्ष से पहली और दूसरी सिविल सेवा परीक्षा पर भी जवाब देने को कहा। इसके बाद भाजपा विधायक आसन के समक्ष पहुंचकर नारेबाजी करने लगे, जिसके चलते हंगामे के बीच सदन की कार्यवाही दोपहर 12:30 बजे तक स्थगित करनी पड़ी।

भाजपा विधायक आसन के समीप पहुंचकर सरकार के खिलाफ नारेबाजी करने लगे। हंगामे के बीच प्रश्नकाल की कार्रवाई शुरू हुई। इसके बाद सदन की कार्रवाई दोपहर 12:30 बजे तक स्थगित कर दी गई है।

गुरुवार को सत्र के पहले दिन भी भाजपा ने जेपीएससी और जेएसएससी का मुद्दा जोर-शोर से उठाया था। भाजपा विधायक “न्याय चाहिए, धोखा नहीं” लिखे मास्क पहनकर सदन पहुंचे थे। मास्क पर जेपीएससी, जेएसएससी और सीजीएल परीक्षा की सीबीआई जांच कराने की मांग भी दर्ज थी। कार्यवाही शुरू होते ही विपक्ष ने भर्ती परीक्षाओं में गड़बड़ियों का मुद्दा उठाकर सरकार को घेरा था।

मांगें पूरी होने तक हंगामा जारी रहेगा: भाजपा विधायक प्रदीप प्रसाद ने कहा कि जब तक छात्रों की मांगें पूरी नहीं होतीं, तब तक विरोध जारी रहेगा। उन्होंने कहा कि झारखंड के छात्र लंबे समय से शांतिपूर्ण तरीके से आंदोलन कर रहे हैं और पूरे देश को उनसे सीख लेनी चाहिए कि लोकतांत्रिक तरीके से विरोध कैसे किया जाता है।

Share.
Leave A Reply

Exit mobile version